जंपर बांध रहा युवक करंट से झुलसा
बरखेड़ाके पास बापचा में जंपर बांधने के लिए लाइन हेल्पर ने ग्रामीण युवक को डीपी पर चढ़ा दिया। सप्लाई चालू हो गई और करंट से युवक गिर पड़ा। घायल युवक को परिजन ने मंगलवार देर रात जिला अस्पताल भर्ती कराया।
हादसा बालूसिंह गुर्जर (35) नि. सुरजना के साथ हुआ। करंट से उसके दोनों हाथ झुलस गए। डीपी से गिरने से उसे चोट भी आई। मानसिंह ने बताया लाइन खराब होने के कारण गांव की बिजली बंद थी। मंगलवार दोपहर लाइन हेल्पर जीतू धाकड़ ने मोबाइल पर सुरजन निवासी मानसिंह, सत्तू बालू गुर्जर से बात की। उसने मानसिंह से बालू को डीपी पर चढ़ाकर लाइन ठीक करवाने का कहा। दोपहर करीब 3 बजे बालू डीपी पर चढ़कर जंपर बांध रहा था तभी लाइन चालू हो गई। घायल बालू को लेकर मानसिंह सत्तू बरखेड़ा अस्पताल पहुंचे जहां से उसे रतलाम रैफर कर दिया। उसे देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जांचकर कार्रवाई करेंगे-बिजली वितरणकंपनी के अधीक्षण यंत्री धर्मेंद्र पाटीदार ने बताया आलोट डीई से जांच करवाएंगे। लाइन हेल्पर की गलती हुई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एवजी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लाइन हेल्पर जीतू का कहना है उसने डीपी पर काम करने के लिए किसी को भी नहीं भेजा। चालू लाइन में खुद मरम्मत कर रहे थे इसलिए करंट लगा।