बस नहीं आने पर भड़के युवा, किया हंगामा
भोपालजाने के लिए बस की व्यवस्था नहीं होने पर मंगलवार शाम युवा भड़क गए। आदिवासी विकास विभाग के सामने आधे घंटे तक हंगामा किया। कलेक्टर को शिकायत करने पर बस की व्यवस्था हो पाई।
शहर के 50 युवाओं का चयन बुधवार को भोपाल में होने वाले एक दिनी रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ था। उन्हें मंगलवार शाम 5 बजे भोपाल जाना था। बस का जिम्मा आदिवासी विकास विभाग को सौंपा था। शाम 6 बजे तक बस नहीं आने पर युवाओं ने विभाग में पूछा तो कर्मचारी बोले बस नहीं आएगी। सभी को ट्रेन से जाना पड़ेगा। इस पर वे आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। राकेश भंवर, रवि सोलंकी, दिनेश खराड़ी, राजाराम ओहरी, पप्पू ओहरी ने बताया पहले बताया था कि हम सभी को बस से भेजेंगे और अब कह रहे हैं बस नहीं आएगी, ट्रेन से जाओ। भोपाल जाने के लिए इस समय कौन सी ट्रेन मिलेगी। विभाग हमारे लिए बस की व्यवस्था करे। इसके बाद सभी कलेक्टर डॉ. संजय गोयल के पास पहुंचे। युवाओं की शिकायत पर कलेक्टर ने विभाग के क्षेत्र संयोजक शिवेंद्रसिंह से बात की। तब बस की व्यवस्था हुई। रात करीब 8 बजे युवा भोपाल के लिए रवाना हुए।
आदिवासी विकास विभाग के सामने जमा युवा।
ट्रेन से जाते तो भी क्लेम मिल जाता
क्षेत्रसंयोजक ने बताया शहर के साथ सैलाना और रावटी से भी युवा रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के लिए भोपाल गए हैं। ट्रेन से जाने पर भी उन्हें क्लेम मिल जाता। युवाओं की मांग पर बस की व्यवस्था की है।