रतलाम। गोहत्या में सहयोग देने के आरोप में निलंबित पुलिसकर्मियों की संपत्ति की जांच होगी। आय से ज्यादा संपत्ति मिलने पर प्रकरण दर्ज होगा। एसपी डॉ. जी.के. पाठक ने बताया कॉल डिटेल्स, रिकॉर्डिंग अन्य साक्ष्य जुटाए है। शुरुआती जांच में पांच पुलिसकर्मियों के नाम मिले थे। इन्हें निलंबित किया जा चुका है। जांच जारी है। आरोपियों के नाम बढ़ सकते हैं। स्टेशन रोड थाने के आरोपी पुलिसकर्मी गो हत्यारों से लगातार संपर्क में थे।
कॉल डिटेल में गोवध के आरोपियों के साथ किसी पुलिसकर्मी की 60 तो किसी की 170 काॅल मिली। सनावदा में जब पोल्ट्री फॉर्म के पास गायों का वध हुआ तब इनमें से कुछ पुलिसकर्मियों की लोकेशन भी उसी टॉवर पर पाई गई। वे घटनास्थल के आस-पास ही थे। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि घटना की रात 6 गायों का वध किया था। अवशेष गोमांस लोडिंग वाहन में ले गए।
तीन और आरोपी गिरफ्तार: गोवध के तीन आरोपियों को शेरानीपुरा तालाब के पास से पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया। आरोपी अफसार पिता अहमद कुरैशी (30) राजा सैयद पिता वाजिद अली (38) दोनों नि. शेरानीपुरा आलम पिता वाजिद अली (30) नि. पटेल कॉलोनी है। इन्हें न्यायालय में पेश किया जहां से 17 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश हुए।
आरोपियों के पास से लोडिंग पिकअप (एमपी 09 जीई 5396) जब्त हुई है। टीआई राजेशसिंह चौहान ने बताया अफसार गायें खरीदकर लाता था। राजा आलम वध के बाद गाय-बैलों का चमड़ा खरीद लेते थे।
मामला सनावदा में पोल्ट्री फॉर्म भवन के सामने गाय के अवशेष मिलने का मामला।
- गो हत्यारों के संपर्क में थे पुलिसकर्मी, 60 तो किसी की 170 कॉल मिली ।
(स्टेशन रोड थाने में गिरफ्तार आरोपी। )