रतलाम। ट्रेन टिकट खरीदने के लिए अब जेब में नकद रुपए रखना जरूरी नहीं है। डेबिट-क्रेडिट कार्ड से भी रतलाम स्टेशन से टिकट खरीदा जा सकता है। स्टेशन पर गो इंडिया स्मार्ट कार्ड मशीनें लग गई हैं। इनका इंस्टॉलेशन मंगलवार को हुआ। दोपहर में कुछ देर ट्रायल हुआ। बाद में बंद कर दिया गया। सीनियर पीआरओ जितेंद्र कुमार जयंत ने बताया अकाउंट संबंधी सेटिंग होने के बाद मुख्यालय के आदेश पर मशीनें काम शुरू कर देंगी।
मंडल में सिर्फ रतलाम स्टेशन पर - गो इंडिया कार्ड मशीन प्रायोगिक तौर पर पश्चिम रेलवे में चार स्टेशनों पर लगाई जा रही हैं। इनमें मंडल का रतलाम स्टेशन भी शामिल है। फिलहाल ये मशीन रिजर्वेशन बुकिंग कार्यालय में विंडो क्रमांक-2 और साधारण टिकट बुकिंग कार्यालय में विंडो क्रमांक-1 पर लगाई गई है।
रेलवे को ये फायदे :
- खुल्ले लौटाने की झंझट नहीं होगी।
- रेलकर्मी को बार-बार बैलेंस चैक नहीं करना पड़ेगा।
- रेलकर्मी को ड्यूटी आने पर जाते समय जेब का बैलेंस नोट करना पड़ता है, यह समस्या कम होगी।
यात्रियों को ये फायदे- टिकट के लिए नकद रुपए साथ रखने की जरूरत नहीं होगी।
- लाइन में खड़े रहते वक्त रुपए/पर्स संभालने का झंझट नहीं।
- खुल्ले रुपए के लिए काउंटर पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
ये सावधानी भी जरूरी: कार्ड के जरिये टिकट बुक कराने के लिए पासवर्ड जरूरी नहीं है। ऐसे में कार्ड से कोई भी टिकट बनवा सकता है। इसके दुरुपयोग की दशा में रिजर्व टिकट बुक होने पर रेलवे के रिकॉर्ड के जरिये दुरुपयोग करने वाले का पता चल सकता है। हालांकि साधारण टिकट बुक होने पर टिकट बनवाने वाले का पता करना मुश्किल होगा। अगर
मोबाइल अलर्ट सुविधा ले रखी है तो चैक करते रहें, क्योंकि क्रेडिट-डेबिट कार्ड से ट्रांजेक्शन होने पर एसएमएस आएगा। इससे आप तत्काल कार्रवाई कर सकते हैं।
ऐसे होगी टिकट बुकिंग
- टिकट बनवाते वक्त नकद भुगतान करने के बजाय एटीएम या डेबिट-क्रेडिट कार्ड बुकिंग क्लर्क को देना होगा। क्लर्क मशीन पर कार्ड स्वीप करेगा।
- स्क्रीन पर कार्ड से जुड़े अकाउंट का स्टेटस जाएगा। इसमें से टिकट की राशि रेलवे के अकाउंट में ट्रांसफर कर कार्ड लौटा दिया जाएगा। इसके लिए पासवर्ड बताने की जरूरी नहीं है।
-टिकट निरस्त कराने पर राशि नकद नहीं लौटाई जाएगी। वह उस अकाउंट में ही ट्रांसफर होगी, जिससे टिकट बुक हुआ है।
बुकिंग कार्यालय में स्थापित कार्ड मशीन।