रतलाम। तीन दिन से कर्फ्यू की मार झेल रहे शहरवासियों को मंगलवार से बड़ी राहत मिलने वाली है। सोमवार को स्थिति सामान्य रहने के बाद प्रशासन ने मंगलवार से थानावार और समयबद्ध (टाइम लाइन) छूट देने का फैसला लिया है।
शुरुआत स्टेशन रोड थाना क्षेत्र से होगी और अंत माणकचौक थाना क्षेत्र में। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में यह छूट केवल महिलाओं के लिए होगी। जबकि औद्योगिक क्षेत्र, जीआरपी और माणकचौक थाना क्षेत्र में सभी (महिला, पुरुष और बच्चों) के लिए। हालांकि एहतियातन स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।
इमरजेंसी सेवा देने वाले सरकारी दफ्तर (रेलवे, अस्पताल, नगर निगम, बिजली वितरण कंपनी, फायर ब्रिगेड, कलेक्टोरेट) खुले रहेंगे। बैंक अर्धवार्षिक लेखाबंदी के लिए खुलेंगी। यहां ग्राहकों से संबंधित काम नहीं होंगे।
कहां कब मिलेगी ढील
थाना क्षेत्र समय किनके लिए
स्टेशनरोड (वार्ड 15 से 34) सुबह 10 से 12 महिलाओं के लिए
जीआरपी (रेलवे कॉलोनी) दोप. 12.30 से 3 सभी के लिए
औद्योगिक क्षेत्र (वार्ड 1 से 14) दोप. 12.30 से 3 सभी के लिए
माणकचौक (वार्ड 40 से 49) दोप. 3.30 से 5.30 सभी के लिए
जानकारी जिला प्रशासन के मुताबिक
आज इन क्षेत्रों में राहत : कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने बताया मंगलवार सुबह से कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। सुबह समीक्षा होगी और तब ढील के समय और क्षेत्र में थोड़ा-बहुत फेरबदल हो सकता है। माणकचौक थाना क्षेत्र में ढील के समय स्टेशन रोड थाना क्षेत्र का कुछ हिस्सा शामिल कर सकते हैं। स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे।
दोहरे हत्याकांड में दो हिरासत में : बजरंग दल सह संयोजक कपिल राठौड़ उनके कर्मचारी पुखराज की हत्या के मामले में दो युवकों को पुलिस ने सोमवार रात िहरासत में ले िलया। एसपी डॉ. आशीष ने बताया शिनाख्ती बाकी है, इसलिए नाम का खुलासा नहीं कर सकते। घटना में कम से कम पांच आरोपी शामिल थे।
जांच चल रही है। यह संख्या बढ़ भी सकती है। एसपी ने बताया पार्षद यास्मीन शेरानी के मामले में भी महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। दोनों घटनाओं के आरोपियों की तलाश में पांच टीमें राजस्थान और आसपास के जिलों में भेजी हैं।
कर्फ्यू में ढील मिलते ही कस्तूरबानगर स्थित एक मिठाई दुकान पर महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। फोटो-चिंटू मेहता