1 सप्ताह, 14 बाइक फिसलीं
सैलानारोड पर बन रहे सिटी फोरलेन पर रात में गुजरना खतरनाक है। सड़क पर जगह-जगह गिट्टी है। स्ट्रीट लाइट नहीं होने से अंधेरा है। ऐसे में ध्यान चूकते ही दुर्घटना तय है। एक सप्ताह में यहां रात में बाइक फिसलने के 14 मामले आए हैं।
फोरलेन बनाने के लिए सैलाना रोड से बिजली वितरण कंपनी स्ट्रीट लाइट के खंभे शिफ्ट किए जा रहे हैं। पुराने खंभे तो निकाल दिए गए हैं, लेकिन नए पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई गई। ऐसे में यहां राम मंदिर चौराहे के बाद से पूरे रोड पर रात में अंधेरा रहता है।
अलकापुरी निवासी संदीप बोरकर एवं अनिल पुरोहित ने बताया साक्षी पेट्रोल पंप के सामने टर्न पर शनिवार रात उनकी बाइक स्लिप हो गई। इससे वे गिरते-गिरते बचे। निरालानगर निवासी रमेश पांचाल भी बरबड़ रोड पर बाइक फिसलने से घायल हुए। अलकापुरी से बरबड़ रोड तक आने-जाने वाले अधिकतर वाहन चालकों के साथ यही हो रहा है।
बिजली कंपनी ने पोल शिफ्टिंग के चलते स्ट्रीट लाइटें निकाल दीं लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की। इससे क्षेत्र में अंधेरा है। फोरलेन का काम भी धीमा होने से कहीं रोड बनी है तो कहीं गिट्टी चूरी बिखरी पड़ी है। स्पीड में आने से वाहन चालकों को चूरी और गिट्टी दिखाई नहीं देती और दुर्घटना हो जाती है।
यहहोना चाहिए
जबतक फोरलेन का काम चल रहा है, तब तक स्ट्रीट लाइट की प्रॉपर व्यवस्था की जाना चाहिए। साथ ही रेडियम वाले संकेतक बोर्ड भी लगाए जाने चाहिए। इससे वाहनों की रोशनी में ये चालकों को दिखाई दे और दुर्घटना ना हो।
एचटी लाइन प्रभारी महेंद्र मईड़ा ने बताया खंभे शिफ्टिंग चल रही है। ढक्कन फैक्टरी तक खंभे शिफ्ट हो गए हैं। शेष काम भी जल्द पूरा किया जाएगा। रोड पर लाइट की व्यवस्था के प्रयास किए जाएंगे।
िनर्माणाधीन फोरलेन पर बिखरी पड़ी गिट्टी। फोटो-भास्कर