पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बिना अनुमति प्रदर्शन तो प्रकरण

बिना अनुमति प्रदर्शन तो प्रकरण

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रतलाम। किसानों की समस्या लेकर ज्ञापन देने पहुंचे कांग्रेसियों के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रभु प्रकाश राठौड़ 20 से ज्यादा कांग्रेसियों पर धारा 144 का उल्लंघन करने का आरोप है। सोमवार दोपहर कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्टोरेट पर प्रदर्शन किया था। दोपहर 12 बजे कांग्रेसी कोर्ट चौराहे पर एकत्र हुए। नारेबाजी करते हुए कलेक्टोरेट पहुंचे। ग्रामीण एसडीएम अवधेश शर्मा को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। शाम को स्टेशन रोड थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया।
आवेदन दिया था अनुमति के लिए-राठौर का कहना है 2 दिसंबर को उन्होंने एसडीएम कोर्ट में अनुमति के लिए आवेदन दिया था। जनता की आवाज उठाने वालों पर इस तरह की कार्रवाई तानाशाही है। ऐसे प्रकरणों से डरकर चुप नहीं रहेंगे। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल का कहना है प्रकरण दर्ज होने या अनुमति जारी होने की जानकारी नहीं है। एसडीएम अवधेश शर्मा ने भी अनुमति जारी करने से इंकार किया है।

मुर्दाबाद के नारे हजम नहीं-सूत्रों के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने नारे लगाए थे- मुख्यमंत्री मुर्दाबाद, पैसे दो-यूरिया लो, जय जवान-जय किसान। इनमें से आला प्रशासनिक अधिकारियों को मुख्यमंत्री मुर्दाबाद का नारा हजम नहीं हुआ और शाम को कार्रवाई हो गई। यूरिया की कालाबाजारी के खिलाफ उठती आवाज भी रोकना जरूरी था। जिला मुख्यालय पर यूरिया की कालाबाजारी खुलेआम की जा रही है। अफसर बंद कमरों में इस पर कंट्रोल करने की प्लानिंग कर रहे हैं। कलेक्टोरेट में सोमवार को ही दूसरे ग्रुप भी ज्ञापन देने आए लेकिन सिर्फ कांग्रेसियों पर कार्रवाई कई सवाल खड़े कर रही है।

ये मांगें उठाई थी ज्ञापन में
- यूरिया की कालाबाजारी रोकें। 287 रुपए की बोरी 400 से 500 रुपए में बिक रही है।
- नकली खाद बीज अधिकारियों की मिलीभगत से बिक रहे हैं। इसे रोका जाए।
- सिंचाई के लिए बिजली नहीं है। लो वोल्टेज के कारण कई ट्रांसफार्मर जल चुके हैं।
-सोयाबीन और गेहूं समर्थन मूल्य से कम में खरीदा जा रहा है।
-डीजल के भाव कम हुए, अब बस, बोरिंग मशीन किराया भी कम किया जाए।
- छह महीने से रुकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि जारी की जाए।
(प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी करते कांग्रेसी।)