पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जब गाड़ी आए तभी जाएगी जननी

जब गाड़ी आए तभी जाएगी जननी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रतलाम। प्रसूता को घर भेजने की क्या व्यवस्था है। एक भी डिस्चार्ज पेपर में कंपलीट डिटेल नहीं है। जननी वाहन भी कॉल नहीं किया। ये क्या व्यवस्था है आप लोगों की। पोस्ट डिलेवरी वार्ड के हालात देख हेल्थ डिप्टी डायरेक्टर डॉ. वीरेंद्र कुमार बुरी तरह नाराज हुए। जिले के स्वास्थ्य प्रभारी डॉ. कुमार ने रविवार को अस्पताल में प्रसूति वार्ड के हाल देखे। उनके साथ संयुक्त संचालक डॉ. दिलीप नागर भी थे।
पोस्ट डिलेवरी वार्ड में उन्होंने नर्सों स्टाफ से साफ-साफ कहा डिस्चार्ज पेपर के साथ सभी पेपर, बर्थ सर्टिफिकेट, जननी सुरक्षा राशि का पैसा आदि सब मिलना चाहिए। घर छोड़ने की जिम्मेदारी भी विभाग की है। जब तक गेट पर जननी वाहन खड़ा नहीं हो जाता, प्रसूता बिस्तर से भी नहीं उतरेगी।
जननी कॉल सेंटर के मयंक को कहा अस्पताल में जगह-जगह नियमों की जानकारी के पर्चे और कॉल सेंटर के नंबर चस्पा करो। एक-एक प्रसूता जननी वाहन में घर जाना चाहिए।

नई एलसीडी बंद, लटक रहे जाले
सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए 6 महीने पहले पोस्ट मैट्रिक वार्ड में दो एलसीडी लगाई थी। रविवार को दोनों बंद थी। उनके आसपास जाले लटक रहे थे। डॉ. कुमार के पूछने पर कोई भी एलसीडी बंद होने का कारण नहीं बता सका।
सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र शर्मा ने सिविल सर्जन डॉ. आनंद चंदेलकर को कहा साहब के जाने के पहले आज ही एलसीडी शुरू हो जाना चाहिए।

भोजन की क्वालिटी सुधारो
लेबररूम से निकलते ही डॉ. कुमार की नजर प्रसूताओं को भोजन बांट रही ट्रॉली पर पड़ी। उन्होंने भोजन की क्वालिटी देख कहा-ऐसा खाना खिलाते हो। सुधारो इसे। उन्होंने दाल रोटी की क्वालिटी सुधारने के निर्देश दिए। जिला कार्यक्रम प्रबंधक माधवी पांडेय हेल्थ मेटरनल इंचार्ज डॉ. वर्षा कुरील भी साथ थे।

लेबर रूम में नहीं मिली आशा : डॉ.कुमार का निरीक्षण सुबह 11.15 बजे लेबर रूम से शुरू हुआ। वे आधा घंटा अंदर रहे। एक-एक उपकरण देखे। जंग लगे उपकरणों को बदलने के निर्देश दिए। रजिस्टर में अधूरी इंट्री पर नाराजगी जताई।
प्रसूति के वक्त आशा कार्यकर्ता नहीं थी। उन्होंने कहा प्रसूति की जिम्मेदारी आशा कार्यकर्ता की है। उसका यहां होना जरूरी है।

व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए:''प्रसूतिवार्ड में निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में कुछ कमी मिली है। इसे सुधारने के निर्देश दिए हैं। '' डॉ.वीरेंद्र कुमार, उपसंचालक, स्वास्थ्य

- लेबर रूम में रजिस्टर में इंट्री गलत मिलने पर डिप्टी डायरेक्टर ने सिविल सर्जन को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
चेतावनी | पोस्ट डिलेवरी वार्ड के हालात देख स्वास्थ्य उपसंचालक नाराज, कहा-व्यवस्था सुधारें ।