रतलाम। एक साल से ज्यादा समय हो गया। डेम निर्माण शुरू होने का इंतजार करते रह गए और तुम मशीनें ले जा रहे हो। ऐसा हम नहीं होने देंगे। मशीने ले जाना है तो हमारे ऊपर से चलाकर ले जाओ। उम्मीदों पर पानी फेरकर ऐसे नहीं जा सकते। ऐसा कहते हुए बुधवार दोपहर मोरवनी के ग्रामीण लामबंद हो गए। रतलाम से 10 किमी दूर मोरवनी के पास कनेरी में 26 करोड़ की लागत वाले डेम का निर्माण कैंसिल होने की खबर को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया।
बुधवार को निर्माण के लिए आई मशीनें वापस जाने लगीं तो ग्रामीण वाहनों के आगे लेट गए और विरोध किया। एक घंटे के विरोध के के बाद वाहन चालकों ने ग्रामीणों को समझाया कि वे उचित जगह विरोध दर्ज करवाएं तब ग्रामीण हटे।
गांव के शैतान सिंह ने बताया चुनाव के पहले वादा किया था कि डेम बनवाया जाएगा। अब मशीनें ले जा रहे हैं। राजकुमार धबाई, लक्ष्मणसिंह हाड़ा, पप्पूलाल हाड़ा, बालाराम, कमलाबाई, भूरीबाई, कालीबाई सहित ग्रामीण मौजूद थे।
कलेक्टर को देंगे ज्ञापन- कनेरी डेम निर्माण के लिए 26 करोड़ का प्रोजेक्ट बना था, लेकिन केंद्रीय पर्यावरण विभाग ने इस पर रोक लगा थी। ग्रामीणों ने बताया अब मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर डॉ. संजय गोयल को ज्ञापन देंगे।
(रतलाम 22 वाहनों के आगे लेटकर विरोध करते ग्रामीण।)