(सुलह के बाद दीपक ममता ने एक-दूसरे को माला पहनाई।)
रतलाम। ‘देश में तलाक के 378780 मुकदमे पेंडिंग हैं और ये सब हो रहा है आपसी समझ में कमी के कारण।’ पति ने जब इन आंकड़ों को जाना तो पत्नी से सुलह करने की ठान ली। शनिवार को लोक अदालत में समझौता कर लिया। ये मामला है रायपुर के दीपक का। दीपक की शादी 29 जनवरी 05 को रतलाम की ममता से हुई थी। छह महीने बाद ही अलग हो गए। 2013 में तलाक के लिए अर्जी दी। पत्रकारिता से स्नातक दीपक दिल्ली में नौकरी कर रहे हैं। हिंदी में पीएचडी ममता रतलाम में माता-पिता के साथ रह रही हैं। कोर्ट ने पढ़े-लिखे पति-पत्नी को बैठाकर तलाक के मामलों से रूबरू करवाया तो इनकी आंखें खुल गईं। इनका 8 साल का बेटा देवांश भी है। दीपक का कहना है विशेष न्यायाधीश डीएन शुक्ला, जेएमएफसी संदीप जैन, एडवोकेट आशुतोष अवस्थी, राजेश बाथम की काउंसिलिंग काम आई।
5दंपती साथ रहने पर सहमत-राजीव नगर के देवेंद्र की पड़ोस की रहने वाली पूजा से 2011 में शादी हुई थी। कुछ दिन बाद वे अलग हो गए। मामला कोर्ट में आया और शनिवार को एक हुए। जूनी कलालसेरी की किरण का विवाह 22 अप्रैल 09 को छतरी बिरमावल के देवीलाल से हुआ था। 2012 से दोनों अलग थे। इंदौर के नीरज का रतलाम की निशा से 24 नवंबर 12 को विवाह हुआ। 5 महीने बाद अलग हो गए। कुटुंब न्यायालय में शनिवार को 5 दंपती की सुलह कराई। प्रो. अजहर हाशमी, पूर्व डीईओ सुलोचना शर्मा, सुषमा श्रीवास्तव ने भी काउंसिलिंग में मदद की।
96937केस निपटे-मेगा लोकअदालत में शनिवार को 96937 केस निपटे। इनमें 11,82,10,026 रुपए में समझौता हुआ। सर्वाधिक 8699 मामले राजस्व विभाग के निपटाए गए। बैंकों के 4771 प्रकरण निपटे। नगरीय निकाय के 2011, बिजली कंपनी के 1831, प्रतिबंधात्मक धारा के 2189, टेलीफोन विभाग के 1593 मामलों का निराकरण हुआ। शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश ओमप्रकाश शर्मा, कलेक्टर डॉ. संजय गोयल, एसपी डॉ. आशीष, अभिभाषक संघ अध्यक्ष संजय पंवार ने किया।
18 साल बाद मिला न्याय
पति की मौत का डेढ़ लाख मुआवजा
लोकअदालत में 18 साल पुराने एक प्रकरण का निराकरण हुआ। 19 जनवरी 95 को रापनि की बस की टक्कर से मुलथान निवासी भागीरथ की मौत हो गई थी। पत्नी रामूबाई और बेटे राधेश्याम ने मुआवजे के लिए दावा लगाया। न्यायालय ने 3 अगस्त 1996 को 1,19,500 रुपए का क्लेम पास किया परंतु रापनि ने भुगतान नहीं किया। 12 दिसंबर 1996 को रामूबाई और उसके बेटे राधेश्याम ने प्रवर्तन प्रकरण प्रस्तुत किया। शनिवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश ओमप्रकाश शर्मा ने 1,51,600 रुपए दिलवाए।
सबसे बड़ा समझौता : 21 लाख का मामला 10.5 लाख में निपटासबसेबड़ा समझौता अपर सत्र न्यायाधीश एन.के. गोधा ने कराया। महू रोड स्थित पेट्रोलपंप रतलाम आटो
मोबाइल का सतबीरसिंह नि. पावर हाउस रोड तथा मिलन दासोत नि. त्रिपोलिया गेट ने 1,88, 05000 में सौदा किया। 25 जनवरी 05 को बयाने के 21 लाख रुपए दिए। अनुबंध अनुसार 17 अक्टूबर 05 को विक्रय पत्र संपादित करना था।
दस्तावेजों में मालिकाना आधिपत्य की पुष्टि नहीं होने पर सतबीर ने बयाना राशि मांगी। नहीं लौटाने पर ब्याज सहित 24,36,000 रुपए के लिए वाद दायर किया। 10.5 लाख में समझौता हुआ। स्टाम्प ड्यूटी भी लौटाई जाएगी।
लोक अदालत :9 साल से तलाक के लिए जूझ रहे पति-पत्नी एक हुए, 5 दंपतियों को मिलाया।