बिना हेलमेट पोहे-समोसे नहीं मिले तो नियम 100%लागू
बाइक या अन्य दोपहिया वाहन चलाने के दौरान हेलमेट सिर की सुरक्षा ही करेगा। विभिन्न रिपोर्ट भी बताती हैं कि हादसे में उन लोगों के बचने की संभावना ज्यादा रहती है जो हेलमेट पहने हुए होते हैं, लेकिन इन सबके बावजूद हेलमेट अब भी शहर के लोगों की आदत नहीं बना है। यही वजह है कि बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं देने के नियम के कारण पंप पर रोचक नजारे दिख रहे हैं। पेट्रोल पंप संचालकों ने भी रास्ता निकाल लिया है। कुछ पेट्रोल पंप पर तो बगैर हेलमेट पहुंचे वाहन चालकों को पंप कर्मचारी ही हेलमेट दे रहे हैं। वाहन चालक पेट्रोल भरवाते हैं और बाद में हेलमेट पंप कर्मचारी को सौंपकर आगे बढ़ जाते हैं। इस सबके बावजूद लोग सोशल मीडिया पर हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर अलग ढंग से अपने गुस्से का इजहार कर रहे हैं।
बिना हेलमेट पेट्रोल दिया तो पंप पर कार्रवाई
ये फोटो कहां के हैं, पता नहीं पर हो रहे वायरल
मैसेज में कटाक्ष, गुस्सा और नसीहत
‘रतलाम में हेलमेट का नियम लागू करने का सबसे सही फॉर्मूला- बिना हेलमेट के पोहे-समोसे नहीं दिए जाएंगे। फिर देखो नियम का 100 फीसदी पालन। यही नहीं पैदल और साइकिल वाले भी हेलमेट में दिख जाएंगे।’
‘दुर्घटना तो तब हुई जब एक आदमी ने गुटखा खाकर सड़क पर थूक दिया। उसे याद नहीं था कि उसने हेलमेट पहना है।’
‘दुनिया सेफ्टी के लिए हेलमेट पहनती है, हम पेट्रोल भराने के लिए हेलमेट पहनते हैं।’
‘बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देंगे। मैंने तो सुना था- बगैर पैसों के पेट्रोल नहीं मिलता।’
‘जान मांगो तो हाजिर है मेरे दोस्त लेकिन हेलमेट नहीं ।’
‘शहर में पेट्रोल बिना हेलमेट के नहीं मिल रहा है। देखते हैं जुगाड़ में माहिर जनता इसका क्या तोड़ निकालेगी।’
‘लोग भले ही हेलमेट नहीं पहने पर अपने मोबाइल फोन पर कवर और स्क्रीन गार्ड जरूर लगाएंगे। चाहे िसर फूट जाए पर मोबाइल पर खरोंच तक नहीं आना चाहिए।’
प्रशासन ने लागू किया आदेश
पेट्रोल पंप पर हेलमेट की अनिवार्यता का आदेश जिले में विधिवत रूप से बुधवार से लागू किया गया। कलेक्टर ने मध्यप्रदेश मोटर स्प्रिट तथा हाई स्प्रिट डीजल आइल आदेश 1980 की धारा 10 के तहत जिले के सभी पेट्रोल, डीजल पंप के लिए जारी आदेश में कहा कि दो पहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट लगाकर आने पर ही उन्हें ईंधन दिया जाएगा। आदेश का पालन नहीं करने पर पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया से