64 साल का हो गया आयकर कर्मचारी महासंघ
इनकम टैक्स कर्मचारियों का संघ आयकर कर्मचारी महासंघ बुधवार को 64 साल का हो गया। सफलतम 64 साल पूरे करने पर कर्मचारियों ने खुशियां मनाई। खुशी के इस मौके पर कर्मचारियों ने आगे भी एकजुट रहने का संकल्प दोहराया। प्रारंभ में ध्वजारोहण किया गया। जैसे ही ध्वज लहराया आईटीएफ जिंदाबाद के नारे लगने लगे। फिर पौधारोपण किया गया। महासंघ के शांतिलाल शर्मा की मौजूदगी में संघ अध्यक्ष बी. एल. वर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सलूके के संदेश का वाचन किया। पेंशनर्स एसोसिएशन के आल इंडिया उपाध्यक्ष एच. एन. जोशी ने भी संबोधित किया।
शांतिलाल शर्मा ने बताया महासंघ की स्थापना वर्ष 1953 में आज ही के दिन नागपुर में हुई थी। संस्थापक सदस्य जी. आर. कुरील थे। आयकर कर्मचारियों का पूरे देश में एक ही संघ है। संघ के बैनर तले आज तक जो भी हड़ताल हुई है वो शत प्रतिशत सफल रही है।
1953 में हुई थी स्थापना
मित्र निवास रोड स्थित इनकम टैक्स कार्यालय पर संगठन जिंदाबाद के नारे लगाते आयकर कर्मचारी।
समस्या आने पर मिल बैठकर करेंगे सम्मान
स्थापना दिवस पर संयुक्त आयकर आयुक्त इला परमार ने कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा हम आईटीएफ के साथ हैं। किसी प्रकार की कठिनाई आने पर मिल बैठकर समाधान करेंगे। डिप्टी कमिश्नर पी. के. सिंघी ने कहा हम पहले आईटीएफ के सदस्य रह चुके हैं। आयकर अधिकारी विवेक शिरपुरकर ने कहा मैं स्वयं भी आईटीएफ का सिपाही रह चुका हूं। आईटीएफ एक ताकतवर संगठन है जो हमेशा कर्मचारी हितैषी लड़ाई लड़ता आया है। नीरज निप्पु, पी. के. जैन, यू. के. प्रधान, अमित वाजपेयी, मुकेश आसुधानी, राहुल, विनय सहित कर्मचारी मौजूद थे।