ट्राले से बचने में जीप पलटी, युवती की मौत
भास्कर संवाददाता | रतलाम / सैलाना
शादी के कार्यक्रम में शामिल होकर सैलाना लौट रहे एक परिवार की जीप शुक्रवार तड़के करीब 4.40 बजे निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के पास सड़क से उतरकर पलट गई। दुर्घटना में घायल किराना व्यवसायी की बेटी की जिला अस्पताल लाते वक्त मौत हो गई। घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल से इंदौर रैफर किया गया।
सैलाना के किराना व्यवसायी महेंद्र संघवी के साढ़ू धार निवासी नवीन सुराणा की बेटी शिखा की धामनोद निवासी सुरेश सियाल के बेटे से शादी थी। सैलाना रोड स्थित एक होटल में गुरुवार रात को फेरे हुए। विदाई के बाद शुक्रवार सुबह 4.30 बजे महेंद्र संघवी, उनका बेटा सौरव और बेटी श्रद्धा उर्फ सोनू जीप से सैलाना के लिए रवाना हुए। ड्राइवर प्रेमसिंह चौधरी जीप चला रहा था। निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के गेट के पास सामने से आ रहे ट्राले से बचने के प्रयास में ड्राइवर ने सड़क किनारे की तरफ जीप मोड़ी तो गाड़ी सड़क से उतरकर तीन पलटी खा गई। होटल में ठहरे रिश्तेदारों को सौरव ने मोबाइल लगाकर दुर्घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में श्रद्धा उर्फ सोनू की मौत हो गई। दुर्घटना में ड्राइवर प्रेमसिंह को साधारण चोट आई। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद वह सैलाना चला गया। गंभीर घायल महेंद्र संघवी और उनके बेटे सौरव को परिजन कस्तूरबा नगर स्थित निजी अस्पताल फिर इंदौर ले गए। पीएम के बाद सोनू का शव परिजन को सौंप दिया। शाम को सैलाना में उसका अंतिम संस्कार हुआ। आईए थाने में मर्ग दर्ज किया।
मुंबई में सीए कर रही थी
सौरव के दोस्त नवदीप मेहता ने बताया श्रद्धा उर्फ सोनू ने सैलाना से हायर सेकंडरी और रतलाम कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। वह मुंबई में सीए की कोचिंग ले रही थी। पढ़ाई करते हुए वह सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों में भी सक्रिय रहती थी।
सड़क हादसे में मृत श्रद्धा संघवी।
रिश्तेदार की शादी से लौट रहे थे, सड़क से उतरकर जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई।