नलकूप खनन पर निकला 50 फीट ऊंचा फव्वारा
बेरछा गांव के एक नलकूप से सुबह 50 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा निकला। इसे देखने के लिए आसपास के गांवों की भीड़ जमा हो गई। करीब एक घंटे तक पानी निकला। इसके बाद यह बंद हुआ।
गांव के मुकेश पोरवाल के खेत पर बुधवार रात नलकूप खनन शुरू हुआ। गुरुवार सुबह 8 बजे तक 495 फीट नलकूप खनन किया। पानी निकलने के बाद मशीन हटा ली गई। मशीन हटाने के करीब आधे घंटे बाद नलकूप से 50 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा शुरू हो गया। इसे देखने आसपास के गांवों के लोग जमा हो गए। एक घंटे बाद पानी की धार कम हुई। गांव के घनश्याम चौहान, मुन्नालाल पोरवाल, मदन पोरवाल ने बताया आसपास के गांवों में सूखा है। गांव में भी कई नलकूप बंद हैं। इसके बाद भी नलकूप से पानी की मोटी धार निकल रही है। गांव में ऐसा पहली बार हुआ है जब पानी निकला है।
लो लाइन एरिया में ऐसा होता है
भूजल सर्वेक्षण इकाई उज्जैन के ईई सुधीर बेलसरे ने बताया लो लाइन एरिया में ऐसी स्थित बनती है। इसे आर्टेगन कहते हैं। कई जगह पानी का दबाव ज्यादा रहता है। जगह मिलने पर वह पानी प्रेशर के साथ बाहर निकलता है। जब तक दबाव रहता है तब तक पानी निकलता है।
नलकूप से निकलता पानी का फव्वारा।