सख्ती के बाद स्कूल जमीन से अतिक्रमण हटाना शुरू
महू-नीमच मार्ग स्थित डोसीगांव के शासकीय स्कूल प्रांगण से मंगलवार सुबह से अतिक्रमण हटाने की शुरुआत हो गई। लोगों ने खुद ही कच्चे अतिक्रमण हटाने शुरू किए। बुधवार को राजस्व विभाग की टीम यहां पहुंचेंगी। पूरे दिन में स्कूल की जमीन से 20 से ज्यादा कच्चे अतिक्रमण हटा लिए गए।
कलेक्टर बी. चंद्रशेखर के निर्देश के बाद तहसीलदार रश्मि श्रीवास्तव ने डोसीगांव स्थित स्कूल की जमीन की नपती कराई थी। स्कूल की जमीन पर 33 अतिक्रमण चिह्नित किए थे। सोमवार को तहसीलदार और पटवारियों ने मौके पर पहुंचकर जमीन की नपती की और अतिक्रमणकर्ताओं को 24 घंटे में अतिक्रमण हटा लेने की चेतावनी दी थी। मंगलवार सुबह से लोगों ने खुद अतिक्रमण हटाने शुरू कर दिए। शाम तक 20 से ज्यादा गुमटियां हटा ली गईं। पटवारी रमेश बैरागी के अनुसार बुधवार को राजस्व अमला दोबारा क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति की जांच करेगा। जो स्थायी अतिक्रमण स्वेच्छा से नहीं हटाए गए, उन्हें सख्ती से हटा कर स्कूल की जमीन काे मुक्त किया जाएगा।
डोसीगांव में स्कूल की जमीन पर किए अतिक्रमण को हटाते लोग।