अधूरा निर्माण छोड़ने से हो रही परेशानी
अधूरे पड़े भवन के बाहर फैल रही गंदगी दिखाते वेरेएयू सहायक महामंत्री।
भास्कर संवाददाता | रतलाम
रेलवे स्टेशन परिसर के वेरेएयू कार्यालय के पास स्थित भवन का निर्माण दो साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया। इससे भवन का बाहरी क्षेत्र अघोषित सुविधाघर बन गया। इससे गंदगी फैल रही है, बदबू ने परेशान कर रखा है। इसके पास ही वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन का कार्यालय है। यूनियन के पदाधिकारी कई बार अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं, अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। मंगलवार को वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के सहायक महामंत्री गोविंदलाल शर्मा ने यूनियन के प्रेमसिंह सिसौदिया, अभय कौशिक व अन्य पदाधिकारियों के साथ निरीक्षण करते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने बताया दो साल हो गए। अंदर से काम पूरा कर रेलवे ने ताला लगाकर बाहर का काम ऐसे ही छोड़ दिया, जिसे लोगों ने सुविधाघर बना दिया है। जल्द ही अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया तो पीएनएम (स्थानीय वार्ता तंत्र) की बैठक में विरोध दर्ज कराएंगे।
बार-बार बदल रहे योजना
प्लेटफार्म दो से जुड़े इस भवन को रेलवे ने करीब दो साल पड़े तोड़ा था। तब कहा जा रहा था कि यहां जीआरपी थाना बनाया जाएगा। नक्शा भी पास हो गया था। बाद में पता चला भवन को ठीक कर ऑफिसर रेस्ट हाउस बनाएंगे। कुछ समय बाद रेलवे अधिकारियों ने भवन को टीटी का रेस्ट हाउस बनाने की बात कही। इस बात को भी कई माह गुजर चुके हैं, अब तक काम अधूरा ही है।
जानकारी निकलवाएंगे
भवन के पास गंदगी हो रही है तो दिखवाएंगे। जानकारी भी निकलवाई जाएगी की कि काम क्यों अधूरा पड़ा है। के.के. सिन्हा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक