महलवाड़े का अधिग्रहण कर हेरिटेज पॉइंट बनाएंगे
शहर की ऐेतिहासिक धरोहर महलवाड़ा को इंदौर के राजवाड़ा की तर्ज पर अधिग्रहण कर हेरिटेज पॉइंट बनाया जाएगा। इसके लिए सीएम से चर्चा की जाएगी। साथ ही पर्यटन की दृष्टि से अमृत सागर का सौंदर्यीकरण करने और त्रिपोलिया गेट के जीर्णोद्धार के लिए विधायक निधि से 5 लाख रुपए भी दिए जाएंगे। यह घोषणाएं शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने शनिवार को की। वे रतलाम स्थापना दिवस पर नगर निगम तिराहे पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा पार्षदों के योगदान से ही शहर का विकास होगा। महापौर डॉ. सुनीता यार्दे ने कहा जनता के सहयोग से स्वच्छ रतलाम का निर्माण किया जा सकता है। शहर में नव निर्मित बस स्टैंड, सीवर लाइन योजना में बड़े नालों को जोड़ना, साथ ही 35 किलोमीटर क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन बिछाई जाएगी। पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने भी संबोधित किया। नगर निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल, नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी, रतलाम स्थापना महोत्सव समिति अध्यक्ष प्रवीण सोनी, एमआईसी स्वास्थ प्रभारी भगत भदौरिया, मनोहर पोरवाल, मंगल लोड़ा, कन्हैयालाल मौर्य उपस्थित थे।
पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा ने कहा मेरे समय में राजनीतिक सहयोग नहीं रहा। 70 के दशक से चली आ रही स्वीमिंग पूल व मेडिकल कॉलेज की मांगों को लेकर क्रियान्वयन नहीं हो पाया। यह हमारी राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी थी। अब हमने दूर कर ली है। स्वीमिंग पूल का काम पूरा करने का सौभाग्य मुझे मिला और मेडिकल कॉलेज का विधायक चेतन्य काश्यप को मिलेगा।
स्थापना दिवस पर हुए कार्यक्रम को संबोधित करतीं महापौर व महाराजा रतनसिंह सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते विधायक।
ऐसे हासिल करेंगे रतलाम का पुराना गौरव
विधायक ने कहा स्थापना के समय चौड़ी सड़कें, आदर्श ड्रेनेज सिस्टम और व्यवस्थित बाजार ने देश में रतलाम को एक अलग पहचान दिलाई थी। अब हमारा दायित्व है कि शहर के उस गौरव को दोबारा हासिल करें। इसके लिए नमकीन क्लस्टर, गोल्ड कॉम्प्लेक्स, मेडिकल कॉलेज और शानदार सड़कों के प्रोजेक्ट्स की नींव रखी गई है। इन कार्यों से हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। सोना और नमकीन का व्यापार 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ेगा। नए व्यापारी भी आएंगे और चहुंमुखी विकास होगा तभी रतलाम का वही गौरव दोबारा हासिल कर पाएंगे।