पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 27 घंटे जांच, 4 करोड़ रुपए की अघोषित आय उजागर

27 घंटे जांच, 4 करोड़ रुपए की अघोषित आय उजागर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(अनमोल रतन पर कड़ी सुरक्षा के बीच दिनभर सर्वे चला।)
रतलाम। सराफा बाजार स्थित आशिर डायमंड और अनमोल रतन पर आयकर विभाग का सर्वे बुधवार को भी जारी रहा। शाम 6 बजे तक चले सर्वे में दोनों फर्मों से 4 करोड़ रुपए की अघोषित आय मिली। इस पर बने टैक्स के रूप में विभाग ने दोनों फर्मों से 1.32 करोड़ रुपए के एडवांस चेक लिए। संयुक्त आयकर आयुक्त आर. पी. खंडेलवाल के नेतृत्व में मंगलवार दोपहर 3 बजे दोनों फर्मों पर एक साथ सर्वे शुरू हुआ था जो बुधवार शाम 6 बजे तक चला। अधिकारी अलग-अलग दलों में दोनों संस्थानों पर छानबीन करते रहे।
स्टॉक, बिल बुक सहित अन्य डॉक्यूमेंट जांचे। कागजात और स्टॉक के आधार पर पड़ताल की तो आशिर के यहां एक करोड़ दो लाख रुपए और अनमोल रतन पर 3 करोड़ रुपए की अघोषित आय मिली।
अधिकारियों की मदद की : अनमोल रतन के निर्मल मूणत ने बताया इनकम टैक्स अधिकारियों की पूरी मदद की। आशिर डायमंड के मालिक का मोबाइल फोन नं. बंद मिला।
किसके यहां क्या मिला : दोनों फर्मों को चुकाना होगा 1.32 करोड़ रुपए-अघोषित आयका खुलासा होने के बाद दोनों ग्रुप को मिलाकर आयकर विभाग को टैक्स के रूप में 1.32 करोड़ रुपए जमा कराना होंगे। इसमें 30 फीसदी टैक्स और 3 फीसदी शिक्षा उपकर शामिल है। यह राशि 31 मार्च 2015 के पहले हर हाल में जमा कराना होगी।

ये होता है आयकर सर्वे : टैक्स चोरी की सूचना पर व्यापारी के प्रतिष्ठान या घर पर आयकर विभाग के अधिकारी जाते हैं। हिसाब-किताब चैक करते हैं। स्टॉक की जांच, बिल, कैश बुक सहित अन्य डॉक्यूमेंट चैक किए जाते हैं। विभाग के निरीक्षक और सोर्स की सूचना सर्वे किया जाता है। यह गोपनीय होता है। तीन-चार महीने पहले इसकी तैयारी हो जाती है।

ये है अघोषित आय-जो बही खाताऔर रिटर्न में नहीं दिखाई जाती है और जिसका कोई रिकॉर्ड ना हो उसे अघोषित आय कहा जाता है। ये स्टॉक, रिकॉर्ड के मिलान पर सामने आती है।

अनमोल रतन- विभाग ने चालू वर्ष की इनकम, बुलियन और आर्टिफिशियल ज्वैलरी के कागजात देखे। रिकॉर्ड मिलान किया तो अघोषित स्टॉक ज्यादा मिला। कैश चेक करने पूरी छानबीन करने पर 3 करोड़ रुपए की अघोषित आय मिली। उपायुक्त पी. के. सिंघी की मौजूदगी में मंदसौर के अधिकारी बी. एस. राघव सहित अन्य अधिकारियों ने सर्वे किया।

आशिर डायमंड- विभाग ने यहां डायमंड ज्वैलरी का स्टॉक चैक किया। डायमंड के घोषित स्टॉक से अतिरिक्त स्टॉक मिला। शाम तक 1 करोड़ दो लाख रुपए की अघोषित आय मिली। इस पर विभाग ने एडवांस चेक लिए हैं। आयकर अधिकारी पी. आर. उके, नीमच के आयकर अधिकारी के. पी. वैश्य के साथ अन्य अफसर मौजूद थे।
अनमोल रतन पर 3 करोड़ और आशिर डायमंड पर 1 करोड़ रुपए से अधिक की अघोषित आय मिली, बुधवार दिनभर चली जांच, अब दोनों फर्मों को देना होगी पेनल्टी।