पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

GOOD NEWS : अब मां के आशीर्वाद के साथ डॉक्टर का इलाज भी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गरोठ (मंदसौर). दूधाखेड़ी माताजी मंदिर पर आने वाले पैरालिसिस के मरीजों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें मां के आशीर्वाद के साथ डॉक्टरी इलाज भी मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग ने मंदिर पर एक फिजियोथैरेपिस्ट की नियुक्त की है। 1 फरवरी से मंदिर परिसर में डॉक्टर सुबह 8 से दोपहर 1 बजे तक रहेगी।
शामगढ़ की फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. मेहरूफ खान कुछ महीनों से गरोठ सरकारी अस्पताल में पदस्थ हैं। उन्हें वहां अटैच किया है। डॉ. खान को रोगी कल्याण समिति से नियुक्त किया गया है। देशभर के लोगों की आस्था का केंद्र दूधाखेड़ी माताजी मंदिर में पैरालिसिस के मरीज बड़ी संख्या में आते हैं। आस्था और विश्वास के दम पर यहां बीमारी दूर होती है लेकिन अब मरीजों को आस्था के साथ इलाज भी मिल सकेगा। फिजियोथैरेपी केंद्र बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रस्ताव भेजा था। तीन कमरों के केंद्र में मरीजों के रहने एवं इलाज की व्यस्था रहेगी।
यूनिट भी होगी स्थापित
यह पहल विधायक राजेश यादव ने की है। यादव का कहना है यहां फिजियोथैरेपिस्ट की नियुक्ति के बाद दानदाताओं की मदद से फिजियोथैरेपी की पूरी यूनिट स्थापित की जा रही है। ताकि मरीजों को बेहतर लाभ मिल सके। इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। दानदाता श्रद्धानुसार यूनिट के लिए सामान एवं संसाधन उपलब्ध कराएंगे।
प्रक्रिया चल रही है
फिजियोथैरेपिस्ट को मंदिर पर नियुक्त किया जा रहा है। इसके चलते आवश्यक कार्रवाई पूरी की जा रही है।
डॉ. संजय शर्मा, बीएमओ, गरोठ