पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

लड़की की शादी में रुपए वसूलता है सरपंच, नहीं देने पर बरातियों से करते हैं मारपीट

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रतलाम. सैलाना विकासखंड के बोरदा में सरपंच शादी के घर से जजिया कर वसूलता है। लड़की की शादी पर परिवार के मुखिया को दो हजार रुपए चुकाना पड़ते हैं। रुपए नहीं चुकाए तो सरपंच भंवरलाल व उसके बेटे रायचंद, कमल, पवन और लक्ष्मण बरातियों से मारपीट करते हैं।
सरपंच की दबंगई के खिलाफ गांव की बेटी संगीता पिता दल्ला ने आवाज उठाई। उसकी बुधवार रात को ग्राम सेमलखेड़ा से बरात आने वाली थी। दिन में दुल्हन के वेश में वह भाई भरत व गांव के युवकों के साथ डीआईजी ऑफिस आई और रात को बरातियों के साथ मारपीट की शंका जताई। संगीता ने बताया सरपंच ने 15 जनवरी को घर पर गाली-गलौच की और दो हजार रुपए नहीं देने पर शादी का कार्यक्रम बिगाडऩे की धमकी दी। डीआईजी सतीश सक्सेना के निर्देश पर एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने गांव में पुलिस तैनात की।
मैंने किसी से रुपए नहीं मांगे-सरपंच भंवरलाल ने बताया शादी के लिए हम सहयोग करते हैं। हमने किसी से रुपए नहीं मांगे। शिकायतकर्ता परिवार के मुखिया से मेरे सामने पूछताछ करें। सही बात सामने आ जाएगी।
फोटो- डीआईजी सतीश सक्सेना से शिकायत करने भाई और गांववालों के साथ आई दुलहन।
बेगारी भी करवाता है सरपंच
दुल्हन संगीता के साथ आए गांव के पंकज, लालसिंह, रमेश, लालशंकर ने बताया गांव के युवकों को सरपंच के खेत में बेगारी भी करना पड़ती है। गांव में विवाद होने पर निपटारा भी सरपंच ही कराता है। विवाद की रिपोर्ट थाने में करवाने पर जुर्माना देना पड़ता है। गांव के लोग शादी या संबंध अथवा कोई कार्यक्रम उसकी अनुमति बिना नहीं कर सकते। मारपीट से भयभीत ग्रामीण शिकायत नहीं करते। हिम्मत कर कोई शिकायत कर भी दे तो पुलिस कार्रवाई नहीं करती।
कार्रवाई नहीं की
संगीता के भाई भरत ने बताया धमकी की शिकायत 18 जनवरी को थाने व 25 जनवरी को एसडीओपी कार्यालय में की परंतु कार्रवाई नहीं हुई। भरत ने बताया सरपंच सालों से रुपए वसूल रहा है। 18 जनवरी को गांव के अर्जुन के यहां शादी थी। उसे भी दो हजार रुपए देने पड़े।
फोर्स लगाया है
एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने बताया शादी के दौरान विवाद न हो इसलिए एक-चार का गार्ड गांव में तैनात किया है। जांच कर रहे हैं। शिकायत सही मिली तो आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरवन टीआई आर.एन. परिहार ने बताया सरपंच द्वारा रुपए वसूलने की शिकायत मिली है। ग्रामीणों के बयान लेकर कार्रवाई की जाएगी।