- Hindi News
- पथरिया में गोदाम की दीवार तोड़कर 20 बोरा अरहर चोरी
पथरिया में गोदाम की दीवार तोड़कर 20 बोरा अरहर चोरी
नगरके सागर रोड स्थित तहसील कार्यालय के पास मुख्य सड़क पर स्थित अनाज गोदाम की दीवार तोड़कर अज्ञात आरोपी 20 बोरा अरहर चुरा ले गए हैं। नवरात्र के चहल-पहल भरे मौके पर मुख्य सड़क पर हुई चोरी की इस घटना से हड़कंप मचा हुआ है। चोरी गई अरहर की कीमत 50 हजार रुपए से अधिक बताई गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने वीरेंद्र जैन के मुख्य सड़क पर स्थित गोदाम की दीवार तोड़कर करीब बीस बोरा अरहर चुरा ली। इस घटना की जानकारी व्यापारी को सुबह लगी। इस पर उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। बताया गया है कि आरोपियों ने बेखौफ होकर गोदाम की दीवार को खोदकर बड़ी सी जगह बनाई और अरहर को मिनी ट्रक वाहन में लोड करके ले गए। चोरी गए अनाज की कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है। गौरतलब है कि क्षेत्र में पहले भी दर्जनों चाेरी हो चुकी हैं। एक और चोरी हो जाने से लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि रात्रि में पुलिस गश्त लगाई जाए तो शायद अपराध कम हो सकते हैं। टीआई आरके सोनी ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है चोरों की तलाश की जा रही है।
पथरिया। दीवार में छेदकर चोर अरहर चुराकर ले गए।