सैकड़ों ने की बिल ज्यादा आने की शिकायत
बिजलीकंपनी के संभागीय कार्यालय में जनता की समस्याओं को हल करने के लिए शिविर लगा। विद्युत उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष एके कुलश्रेष्ठ और सदस्य डी कुमार के साथ अधीक्षण अभियंता वृत्त सागर जीपी सिंह ने समस्याएं सुनीं। कुलश्रेष्ठ ने बताया कि फोरम के अंतर्गत बिजली व्यवधान, वोल्टेज, लोड सेटिंग, बिल संबंधी, कनेक्शन विच्छेदन और मीटर संबंधी यानी छह प्रकार की समस्याओं पर सुनवाई की गई।
उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से कहा कि वाद दायर करने वाले उपभोक्ता की सुनवाई के लिए संबंधित मामलों के दस्तावेज या बिंदुवार जवाब शीघ्र फोरम के दफ्तर में भेजा जाए ताकि मामले जल्द निपटें। उन्होंने कहा कि फोरम के मामलों का मासिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करना होगा और लंबित मामलों का रिकॉर्ड सुरक्षित कर मेंटेन करना होगा। उन्होंने बताया कि कनिष्ठ अभियंता कार्यपालन अभियंता अधीक्षण अभियंता कार्यालय में शिकायत पंजीबद्ध कराने के बाद उपभोक्ता के संतुष्ट होने पर उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम जबलपुर में वाद दायर कर सकता है।
कैंप में रहली संभाग अंतर्गत देवरी, गौरझामर, गढा़कोटा, केसली, महाराजपुर से आए उपभोक्ताओं ने समस्याएं बताई। महाराजपुर से आए जगदीश प्रसाद साहू ने बताया कि कृषि के लिए अस्थाई कनेक्शन है और मुझे पांच हॉर्स पावर का स्थाई कनेक्शन चाहिए लेकिन आवेदन देने के बाद भी नहीं दिया जा रहा है। कैंप में डीई जीडी त्रिपाठी ने कैंप में आई 107 समस्याओं में से कुछ को हल किया।
रहली में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनते बिजली उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष और सदस्य।