बीना। सागर की ओर जा रही विंध्याचल एक्सप्रेस के पार्सल यॉन में बैठे एक व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए रेलवे को गेट तोड़ना पड़ा और इसी बीच ट्रेन करीब एक घंटे देरी से रवाना हुई।
भोपाल से इटारसी जाने वाली विंध्याचल एक्सप्रेस निर्धारित समय रात 8.50 बजे प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर पहुंची।
ट्रेन के पीछे लगे पार्सल यॉन में पार्सल रखने के लिए जब विभागीय कर्मचारी कॉल बॉय गयाप्रसाद पहुंचा तो कोच क्रमांक डब्ल्यूसी 05705 का गेट नहीं खुला। थोड़ी देर प्रयास करने पर भी जब गेट नहीं खुला तो उसे अहसास हुआ कि अंदर से किसी ने गेट बंद कर रखा है और खोलने नहीं दे रहा है। उसने सीपीएस अशोक साहू, डिप्टी एसएस आरपी लाल को सूचना दी।
सूचना पर स्टेशन प्रबंधक महेंद्र सिंह, सीपीस साहू, सुपरवाइजर सुशील पांडे, सीएंडडब्ल्यू के एसएसई राजकुमार तथा डिप्टी एसएस आरपी लाल ट्रेन के समीप आरपीएफ स्टाफ के साथ पहुंचे। आरपीएफ ने भी गेट को खोलने की कोशिश की, लेकिन गेट नहीं खुला तब पार्सल यॉन के गेट को खोलने के लिए रॉड को छैनी-हथौड़े से तोड़ा गया। इस दौरान भी अंदर बैठे युवक ने गेट नहीं खोलने दिया। जब रॉड टूटी तब आरपीएफ ने पार्सल यॉन के अंदर से युवक को बाहर निकाला।
युवक ने अपना नाम तोरण पिता माधो मोंगिया निवासी गुलाबगंज के समीप का बताया। तोरण बेहद नशे में था। जैसे ही युवक को बाहर निकाला, ट्रेन को 9.35 बजे रवाना कर दिया गया। ट्रेन भोपाल से गार्ड राजेश लेकर आए थे और बीना से फिरोज खान लेकर गए।