सागर। नो-एंट्री वाले कुछ मार्गो पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अन्य वाहनों के प्रवेश की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे शहर के ईंट व्यवसायियों की हड़ताल 6वें दिन भी जारी रही। इसी बीच गुरुवार को ट्रैफिक डीएसपी एचएन बाथम खुरई रोड स्थित ईंट भट्टों के पास पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की जांच कर उनमें रेडियम लगवाए। ईंट मिट्टी ढोने वाले करीब 50 वाहनों में रेडियम लगवाकर उनके कागजात, लाइसेंस परमिट तैयार रखने को कहा। इस दौरान ईंट व्यवसाय से जुड़े लोग मौजूद थे।
भैंसासे मकरोनिया धर्मश्री से तिली मार्ग पर हुई चर्चा : ईंट व्यवसायी कैलाश प्रजापति ने बताया कि ट्रैफिक डीएसपी बाथम को दो वैकल्पिक मार्गों से वाहनों के आवागमन की छूट देने पर चर्चा हुई है। इनमें खुरई रोड ईंट भट्टों से एक मार्ग भैंसा नाका से शनिदेव मंदिर होते हुए मकरोनिया तथा दूसरी तरफ भोपाल बायपास से मोतीनगर तिराहा, धर्मश्री होते हुए तिली मार्ग शामिल हैं। प्रजापति ने बताया कि डीएसपी ने इसकी मौखिक स्वीकृति दी है। लिखित आदेश मिलने तक हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान विनोद प्रजापति, मनोज प्रजापति, सूरज प्रजापति, जुगल प्रजापति, प्रीतम प्रजापति, पप्पू प्रजापति मौजूद थे।
उधर, डीएसपी बाथम का कहना है कि इन दोनों रुटों के संबंध में फिलहाल कोई निर्णय नहीं हुआ। सभी वाहन मालिकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करना होगा।
ईंट व्यवसायियों की हड़ताल जारी, वाहनों के आवागमन को लेकर दो वैकल्पिक मार्गों पर हुई चर्चा।
(सागर। ट्रैफिक डीएसपी एचएन बाथम ने खुरई रोड ईंट भट्टे पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रेडियम लगवाए।)