सागर। बदले हुए घटनाक्रम के तहत गुरुवार को नगर निगम सागर के नए निगमायुक्त रणवीर कुमार सिंह ने डिप्टी डायरेक्टर नगरीय प्रशासन के कार्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण किया। निगमायुक्त आरके कार्तिकेय के उन्हें नगरीय प्रशासन के ऑफिस में ही चार्ज दिया और वे निगमायुक्त के लिए आवंटित कार वहीं छोड़कर चले गए। यह घटनाक्रम दोपहर में हुआ। इसके बाद रणवीर कुमार निगम कार्यालय पहुंचे और निगमायुक्त के कक्ष में पहुंचकर विधिवत कार्यभार संभाला।
बुधवार को सिंह की सागर में पदस्थापना के आदेश जारी होने के बाद उन्होंने औपचारिक ज्वाइनिंग दी थी और सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने की बात कही थी, लेकिन गुरुवार को उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने के लिए कार्तिकेय को फोन किया जो उस वक्त डिप्टी डायरेक्टर ऑफिस में बैठे थे, तो उन्होंने वहीं पर सिंह को चार्ज सौंप दिया।
नगरीय प्रशासन में बेलिया बने उपसंचालक : दरअसल नगरीय प्रशासन विभाग के उपसंचालक पद पर भी सुरेश बेलिया की पदस्थापना की गई है। उपसंचालक आरके शर्मा का जबलपुर तबादला हो गया है। गुरुवार को इस कार्यालय में भी उपसंचालक पद का कार्यभार परिवर्तन चल रहा था। कार्तिकेय इसी में शामिल होने पहुंचे थे। बेलिया भोपाल से स्थानांतरित होकर सागर आए हैं।
सिंह के बजाए सेन को बनाया योजना शाखा का प्रभारी : इधर नगर निगम में योजना शाखा का प्रभार राजेश-सिंह राजपूत से लेकर लेखापाल किशोरी लाल सेन को दिया गया है। राजपूत को बाजार विभाग के प्रभार के साथ-साथ वार्ड क्रमांक एक से चौबीस तक मुख्य स्वच्छता निरीक्षक का प्रभार भी दिया गया है। इसी तरह स्थापना शाखा का प्रभार दामोदर ठाकुर से लेकर बालकृष्ण शर्मा को सौंपा गया है। यह दोनों परिवर्तन निगमायुक्त कार्तिकेय के हस्ताक्षरित आदेश से ही हुए हैं।
महापौर एवं निगमाध्यक्ष से भेंट की : नए निगमायुक्त रणवीर कुमार सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद महापौर पुष्पा शिल्पी एवं निगमाध्यक्ष विनोद तिवारी से भेंट की। उन्होंने निगम के अधिकारियों से भी परिचय किया। नए निगमायुक्त रणवीरसिंह के कार्यभार ग्रहण करने को लेकर बनी परिस्थितियों के पीछे राजनैतिक प्रभाव को कारण माना जा रहा है।
- नाटकीय घटनाक्रम में हुआ निगम आयुक्त का कार्यभार परिवर्तन।
- राजनैतिक प्रभाव को भी माना जा रहा कारण।
(नगर निगम आयुक्त रणवीर कुमार सिंह।)