पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पढ़ाई की मांगों को लेकर इंजीनियरिंग छात्रों ने किया चार घंटे प्रदर्शन

पढ़ाई की मांगों को लेकर इंजीनियरिंग छात्रों ने किया चार घंटे प्रदर्शन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सागर। इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने 10सूत्रीय मांगों को लेकर गुरुवार को करीब 4 घंटे तक प्रदर्शन और नारेबाजी की। कॉलेज प्रबंधन से जब कोई सुध लेने नहीं आया तो छात्र खुद ही प्रभारी प्राचार्य को ज्ञापन देने पहुंचे। सुबह ठीक 10.30 बजे साइंस ब्लॉक में 400 से अधिक विद्यार्थी एकत्र हो गए। सभी जगह के गेटों पर ताले जड़ दिए। करीब 4 घंटे तक नारेबाजी चलती रही। अव्यवस्थाओं से गुस्साए विद्यार्थियों ने कक्षाओं का बहिष्कार किया। किसी भी ब्लॉक या ब्रांच की एक भी कक्षा नहीं लगी। इस दौरान कॉलेज प्रबंधन से कोई भी उनकी सुध लेने नहीं आया। आखिरकार विद्यार्थी ही उन्हें ज्ञापन देने पहुंचे। प्राचार्य की अनुपस्थिति में छात्रों ने प्रभारी प्राचार्य डॉ. एचके मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।
बड़ी मशक्कत के बाद लिया ज्ञापन : लगातार4 घंटे तक पूरे परिसर में छात्र-छात्राओं की आवाजें गूंजती रहीं। लेकिन अपने हित में उठे छात्रों के स्वर कॉलेज प्रबंधन के किसी भी अफसर को सुनाई नहीं दिए। प्रबंधन जानबूझकर उन्हें अनसुना करके बैठा रहा। लंबे इंतजार के बाद भी जब कॉलेज प्रबंधन से कोई उनकी सुध लेने नहीं आया तो दोपहर 2.30 बजे सभी छात्र प्रभारी प्राचार्य डॉ. एचके मिश्रा को ज्ञापन देने सिविल ब्लॉक पहुंचे। यहां भी हंगामे के बाद प्रभारी प्राचार्य ज्ञापन लेने उनके बीच आए। सभी ने उन्हें अपनी मांगे बताई।
ज्ञापन देते समय छात्र अंकित जैन की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। थोड़ी देर बाद उसकी तबीयत में सुधार हो गया। कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष सोहित गर्ग ने बताया कि प्रभारी प्राचार्य ने 8 मांगों का निराकरण होने का आश्वासन दिया है। साथ ही कहा है कि स्थाई प्राचार्य शुक्रवार को लौट आएंगे तो संभवत: सोमवार से समाधान होने लगेगा। कॉलेज के प्राचार्य के साथ शुक्रवार को मीटिंग भी रखी है। इसमें हम अपनी बात रखेंगे।
एनएसयूआई के जिला महासचिव विभव जैन ने बताया कि सभी ने निर्णय लिया है कि वह शुक्रवार को भी कॉलेज बंद कराएंगे। जल्दी ही मांगें नहीं मानी गई तो सभी विद्यार्थी आमरण अनशन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में उपाध्यक्ष कमल शर्मा, दीपक खादीकर, शिवशंकर तिवारी, जीतेश शर्मा, अभाविप की तकनीकी इकाई के नगर अध्यक्ष प्राशु लड़िया, शुभम ताम्रकार, अमित सोलंकी, राजदीप माधव, अमर सिंह, विक्रम सिंह सहित विद्यार्थी शामिल हैं।
इन मांगों के लिए किया प्रदर्शन :-अकादमिक कैलेंडर जारी कर पूरी ईमानदारी से पालन हो।
- परमानेंट टीपीओ एवं प्लेसमेंट की सुविधा मिले।
- आईटी, सिविल, मैकेनिकल, कंप्यूटर लैब में मेंटेनेंस कराया जाए।
- वाई-फाई युक्त क्लासेस की जाएं।
- ऑडिटोरियम बनवाया जाए।
- छात्र एवं छात्राओं के हॉस्टल की मरम्मत हो एवं जिम सुविधा मिले।
- कॉलेज की वेबसाइट का नवीनीकरण कर उसे अपडेट रखा जाए।
- प्रोफेसर छात्रों का पूरा सहयोग करें। विशेषकर गेस्ट फैकल्टी।
- लाइब्रेरी एवं ई-लाइब्रेरी का नवीनीकरण हो।
- कॉलेज पूर्णत: स्वशासी हो।
एक छात्र बेहोश भी हुआ, लेकिन काॅलेज प्रबंधन सुनवाई के लिए नहीं पहुंचा

(सागर . इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में धरना देते छात्र-छात्राएं।)