पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हम गरीबों को भूसे से भी सस्ता अनाज बांट रहे हैं : मिश्रा

हम गरीबों को भूसे से भी सस्ता अनाज बांट रहे हैं : मिश्रा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सागर। राज्य सरकार ने गरीब एवं किसान की चिंता की है। भोजन की उपलब्धता की बात करें तो हम प्रदेश के गरीबों को एक रुपये प्रति किलो गेहूं चावल उपलब्ध करा रहे हैं, जो भूसे की कीमत से भी कम कीमत है। अब गरीब किसान या मजदूर एक दिन की मजदूरी में महीने भर का राशन खरीद सकता है। यह बात जिले के प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कही। वह स्वीडिश मिशन स्कूल में राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना के तहत मिली राशि के प्रमाण-पत्र बांटने आए थे। उन्होंने कहा हमने राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों में संशोधन किया है। जिसमें कृषि कार्य करते समय अंग भंग होने, किसी जहरीले कीड़े के काटने एवं आकाशीय बिजली गिरने पर पीड़ित किसान परिवार को सहायता राशि मुहैया कराई जाती है।
किसान सम्मेलन प्रदेश सरकार की अनूठी पहल: उन्होंने कहा कि किसान सम्मेलनों का आयोजन और किसानों को फसल बीमा राशि का वितरण सरकार की अनूठी पहल है। इससे प्राकृतिक आपदा से जिन लोगों की फसल का नुकसान हुआ है, उन्हें राहत मिलेगी। किसान अपना कर्तव्य पूरा कर रहे हैं और सरकार ने भी अपने धर्म का पालन किया है इसलिए हमारे राज्य को कृषि कर्मण पुरस्कार मिला है। जिला प्रशासन के अनुसार क्षेत्र 77645 किसानों को 144 करोड़ 92 लाख रुपए के प्रमाण-पत्र बंटना हैं। इसमें से 42917 किसानों को 77 करोड़ 39 लाख रुपए से अधिक के प्रमाण-पत्र बांटे जा चुके हैं।
नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में किसानों के लिये एक बड़ा काम हुआ है। जिसमें सरकार ने सोयाबीन फसल के नुकसान की भरपाई की है। सुरखी विधायक पारुल साहू ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की पीड़ा समझी है और उन्हें राहत राशि दी है। समारोह में राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष नारायण प्रसाद कबीरपंथी, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष लता वानखेडे, कलेक्टर एके सिंह सहित कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग का अमला और किसान उपस्थित थे

सरपंच ने कश्मीर राहत कोष में दान की बीमा राशि : जिले के एक सरपंच ने सोयाबीन फसल नुकसान के एवज में मिली बीमा दावा राशि को कश्मीर में आई बाढ़ के प्रभावितों की मदद के लिए दान कर दिया। सरपंच ने प्रभारी मंत्री के समक्ष कलेक्टर एके सिंह को राशि सौंपी। ग्राम पथरियाहाट के सरपंच अमित मिश्रा को 11 हजार 38 रुपए का दावा प्रमाण-पत्र दिया गया था। इसमें उसने अपनी ओर से कुछ और राशि मिलाकर 11 हजार 51 रुपए बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए दान कर दिए।
आयोजन : किसान सम्मेलन में प्रभारी मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने 42917 किसानों को बांटे 77 करोड़ 39 लाख रुपए के प्रमाण-पत्र
20 मंत्री भार्गव बांटेंगे फसल बीमा के प्रमाण-पत्र : पंचायतएवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव 20 सितंबर को रहली में वृहद कृषि सम्मेलन के दौरान खरीफ 2013 में सोयाबीन फसल के नुकसान से प्रभावित किसानों को राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना के तहत बीमा दावा राशि के प्रमाण-पत्र बांटेंगे। कार्यक्रम दोपहर 11 बजे से किसान स्टेडियम में होगा। इस अवसर पर फसल बीमा के 54 करोड़ रुपए के प्रमाण-पत्र किसानों को दिए जाएंगे।
(सागर. स्वीडिश मिशन स्कूल में किसान सम्मेलन एवं बीमा राशि के प्रमाण पत्र बांटते मंत्री नरोत्तम मिश्रा। )