सागर। शहर की मुख्य सड़क से ट्रैफिक अब शीघ्र ही कम हो जाएगा। शहर के लिए वैकल्पिक रोड के रूप में रेलवे बायपास एवं झांसी गेट अंडरब्रिज से नृसिंह मंदिर तक रोड बनकर तैयार हो रहा है। अंडरब्रिज के लिए पहुंच मार्ग को भी 20 फीट चौड़ा कर दिया गया है।
सागर से कुरवाई, सिरोंज आने-जाने के लिए शहर से मात्र एक ही रोड है। इसी रोड पर शहर का और भारी वाहनों का दबाव होता है। ऐसे में वैकल्पिक रास्तों की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। शहर के समानांतर खुरई रेलवे गेट से सागर रेलवे गेट तक रेलवे का बायपास रोड था, जो काफी बदहाल स्थिति में था। पिछले सप्ताह इस बायपास का निर्माण शुरू हो गया है। बायपास की पुरानी सड़क को खोदकर नए सिरे से बनाया जा रहा है।
नई सड़क 7 मीटर चौड़ी होगी। और जहां पानी भरता है वहां सीसी रोड बनेगा। 1200 मीटर से अधिक लंबी सड़क पर दोनों तरफ शोल्डर भी होंगे। इस सड़क के बनने से इटावा, खिमलासा, खुरई रोड के ज्यादातर वाहन चालक मुख्य सड़क से होकर बायपास का इस्तेमाल करेंगे। अनुमान है कि शहर के छोटे एवं दो पहिया वाहनों की आवाजाही उस रोड से शुरू होने पर 15 से 20 प्रतिशत ट्रैफिक कम होगा।
अंडरब्रिज पहुंचमार्ग चौड़ा
झांसीगेट अंडरब्रिज पहुंच मार्ग अब चौड़ा हो गया है। पहले इस मार्ग पर वन-वे ट्रेफिक था। लेकिन अब रोड 20 फीट चौड़ा होने से दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकेगी। विधायक महेश राय ने बताया कि शीघ्र ही सड़क के एक तरफ नाली और दूसरी तरफ पौधे लगाए जाएंगे। बारिश के दिनों में अंडरब्रिज से आवाजाही बंद हो इसके लिए दो बड़े पाइप भी लगा दिए गए हैं। वीरसावरकर वार्ड से खुरई रोड को जोड़ने के लिए रोड बना दी गई है। यहां से भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए हाइट लिमिट लगाए गए हैं। जिससे सड़क भी लंबे समय तक चलेगी।
बनेगानृसिंह मंदिर रोड
झांसीगेट से इटावा क्षेत्र आवाजाही के लिए पहले अंडरब्रिज से होते हुए सीधा रास्ता था जहां कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर लिया। इस रोड को नगरपालिका शीघ्र अतिक्रमण मुक्त कराकर 20 फीट चौड़ी सीसी रोड के रूप में बनाएगी।
बीना |देहरी रोड पर रेलवे द्वारा बनाया जा रहा अंडरब्रिज मौसम के कारण नहीं बन सका। सुबह से आसमान में काले बादल थे, बारिश की संभावनाओं को देखते हुए रेलवे ने काम को टाल दिया। यहां के अलावा मोतीपुरा-कोटा और रुठिया एवं गुना के बीच अंडरब्रिज निर्माण का कार्य चल रहा था। वहां भी मौसम की बेरुखी के चलते काम रोका गया। गौरतलब है रविवार से यह काम शुरू किया जाना था।