- इस्तगासा के बाद न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी ने दर्ज किया मामला।
- शिकायत करने पर पुलिस के अधिकारियों ने नहीं की थी कोई कार्रवाई।
सागर। प्रदेश के परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह ठाकुर की भाभी और भतीजे पर चोरी, जान से मारने की धमकी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी ने की है। इस मामले में कोर्ट में इस्तगासा प्रस्तुत किया था। आरोपियों को 26 मार्च को कोर्ट में उपस्थित रहने के आदेश दिए गए हैं।
इसमें बताया गया है कि ग्राम पंचायत सिदगुवां में अधिवक्ता हरीशचंद्र दुबे के प्लॉट पर 25 सितंबर 2014 को कुछ लोगों ने तोड़फोड़ कर दी थी। उस दिन वह न्यायालयीन कार्य से खुरई गए थे। सूचना मिलने पर परिवादी दुबे ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। कंट्रोल रूम से बहेरिया थाने की पुलिस को मैसेज किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस अधिकारियों ने भी ध्यान नहीं दिया।
इसके पहले सिदगुवां के एक मामले में दुबे ने कोर्ट से स्टे दिलाया था। तब भी उन्हें धमकी दी गई थी। इसके बाद परिवादी दुबे ने कोर्ट में इस्तगासा प्रस्तुत किया। कोर्ट ने परिवहन मंत्री की भाभी शीला बाई सिंह, भतीजे रुद्र प्रताप सिंह एवं एक अन्य व्यक्ति पन्नालाल पटेल के खिलाफ चोरी, गाली-गलौच, संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, जान से मारने की धमकी देने का मामला रजिस्टर्ड किया है। शीला बाई सिदगुवां की दस साल तक सरपंच रह चुकी हैं।