- Hindi News
- जबलपुर में आज फिर से होगी गजभिए से पूछताछ
जबलपुर में आज फिर से होगी गजभिए से पूछताछ
डॉ.हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय में शिक्षक नियुक्ति घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने एक बार फिर पूर्व कुलपति एवं मामले के मुख्य आरोपी प्रो. एनएस गजभिए को जबलपुर तलब किया है। सोमवार को सीबीआई ने प्रो. गजभिए से हाजिर होने को कहा है। इस दौरान उनसे नियुक्ति घोटाले मामले में पूछताछ की जाएगी। इससे पहले भी सीबीआई गजभिए को जबलपुर बुला चुकी है। जून के पहले सप्ताह में कानपुर में सीबीआई के समक्ष पेश होने के बाद गजभिए सीबीआई के जबलपुर में पेश हुए थे। इसके बाद सीबीआई ने गजभिए से कुछ जरूरी दस्तावेजों सहित पेश होने को कहा था, लेकिन उन्होंने कुछ डॉक्युमेंट्स कोरियर के जरिए भेजकर कुछ दिनों का समय मांगा था। सीबीआई ने जब उन्हें दोबारा बुलाया तो वह नहीं आए। बार-बार बुलावे पर भी वह बीमारी की बात कह कर आने से बचते रहे। इस बार सीबीआई अधिकारी आश्वस्त हैं, कि वह शायद हाजिर हो जाएंगे। सूत्र बताते हैं कि इस बार नहीं आने पर गजभिए के खिलाफ बड़ा कदम उठाया जा सकता है। मामले में सीबीआई अब तक विश्वविद्यालय के कुछ शिक्षकों, अधिकारियों एवं अन्य महत्वपूर्ण लोगों को जबलपुर बुलाकर एवं सागर दौरे के दौरान पूछताछ कर चुकी है। कई लोगों के बयान बतौर गवाह भी लिए गए हैं।