- Hindi News
- क्षमावाणी सभी समाजों को आत्मसात करना चाहिए
क्षमावाणी सभी समाजों को आत्मसात करना चाहिए
नगरविधायक शैलेंद्र जैन की ओर से रविवार को भाग्योदय परिसर में क्षमावाणी का आयोजन हुआ। इस मौके पर मौजूद लोगों ने गलतियों के लिए माफी मांगी। मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि जैन समाज के क्षमावाणी कार्यक्रम को सभी समाजों को आत्मसात करना चाहिए। अपने द्वारा की गई गलतियों की क्षमा मांगनी चाहिए, ताकि हम अपने कार्यों का पश्चाताप कर सकें। अध्यक्षता करते हुए राज्यमंत्री शरद जैन ने कहा कि क्षमावाणी लोगों को जियो और जीने दो के संदेश का पालन करना सिखाती है। विधायक जैन ने कहा कि मनुष्य के जीवन में व्यक्ति कई गलतियां करता है। अपने दैनिक जीवन में अनेक बातों से दूसरों को ठेस पहुंचाते हैं, जिसका अहसास हमें नहीं होता है। हम अपनी उन बातों के लिए लोगों से क्षमा मांगते हैं। क्षमा को धारण करना सामान्य मनुष्य का कार्य नहीं है। जिसमें साहस होता है, वही व्यक्ति क्षमा मांगता है। पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि क्षमावाणी एक राष्ट्रीय पर्व का रूप लेता जा रहा है। आरएसएस के विभाग प्रचारक उमेश ने कहा कि आज इतनी बड़ी संख्या में समाज के लोगों से एक साथ क्षमा मांगते देखकर बड़ा अच्छा लग रहा है। क्षमावाणी कार्यक्रम में महापौर पुष्पा शिल्पी, डॉ. जीवनलाल जैन, जाहरसिंह, मानकचंद जैन, नरेश जैन, सुधा जैन, राजेंद्र जैन, संतोष जैन, उदयचंद जैन मौजूद थे।