पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • खुरई और बीना ब्लॉक के 91 शिक्षक इधर से उधर, सागर की काउंसिलिंग आज

खुरई और बीना ब्लॉक के 91 शिक्षक इधर से उधर, सागर की काउंसिलिंग आज

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सागर। अतिशेष शिक्षकों के लिए चल रही युक्तियुक्त-करण की कार्रवाई के तहत तीसरे दिन शनिवार को 91 अतिशेष शिक्षक इधर से उधर भेज दिए गए। एमएलबी स्कूल क्रमांक-1 में खुरई एवं बीना ब्लॉक की काउंसिलिंग हुई। दोनों ब्लॉक से कुल 101 अतिशेष शिक्षकों को बुलाया गया था। इनमें से 91 शिक्षक आए। सभी ने काउंसिलिंग में दूसरे स्कूल ले लिए, जो 10 शिक्षक नहीं आए, वह या तो पिछले दिनों हुई पदोन्नति में दूसरी स्कूल चले गए हैं या फिर अतिशेष की सूची से उनका नाम अलग हो गया था। रविवार को सागर ब्लॉक के अतिशेष शिक्षकों की काउंसिलिंग होगी। सागर में सर्वाधिक 150 से 160 अतिशेष शिक्षक हैं। हालांकि सूची जारी के समय यह आंकड़ा 205 बताया गया था, लेकिन पिछले दिनों हुई पदोन्नति प्रक्रिया के बाद यह आंकड़ा अब घट गया है।
कुछ निराश तो कुछ बेहद खुश दिखे : काउंसिलिंग के चलते एमएलबी स्कूल परिसर में काफी भीड़ रही। काउंसिलिंग के दौरान कई शिक्षकों ने स्वयं को उसी स्कूल में रुकवाने के लिए कहते कि मैं वह 9 साल से हूं, 15 साल से हूं, पिछले साल ही पहुंचा हूं, संविदा या कोई नए गए तो अब हमें दूसरी जगह क्यों भेजा जा रहा है? तो इस पर वहां मौजूद अधिकारियों ने कहा शासन का नियम है, मानना तो पड़ेगा ही, मान लीजिए तो मनपसंद स्कूल मिल जाएगी। समय खराब करने से कोई फायदा नहीं। नहीं माने तो हम कहीं भी भेज देंगे। ऐसे लोगों ने थोड़ा सा मुंह बनाते हुए निराशा में दूसरी स्कूल चुनना ही उचित समझा। वहीं ऐसे शिक्षक बेहद खुश दिखे जिन्होंने अतिशेष को अपने मनपसंद जगह के तबादला के रूप में लिया।

तीन दिन में 476 इधर से उधर हुए : पहले दिन गुरुवार को रहली, देवरी एवं केसली सहित 3 ब्लॉक की काउंसिलिंग हुई थी। काउंसिलिंग में 240 शिक्षक इधर से उधर हुए थे। इन तीनों ब्लॉक की 50 शिक्षकविहीन स्कूल में शिक्षक पहुंच गए हैं। दूसरे दिन शुक्रवार हुई मालथौन, बंडा, शाहगढ़, राहतगढ़ एवं जैसीनगर सहित 5 ब्लॉक की काउंसिलिंग में 147 अतिशेष शिक्षक दूसरी स्कूलों में भेजे गए थे। शनिवार को तीसरे दिन खुरई और बीना ब्लॉक की स्कूलों से 91 अतिशेष इधर से उधर हुए।

इस प्रकार अब तक तीन दिन में 10 ब्लॉक के 476 अतिशेष शिक्षक दूसरी स्कूलों में भेजे गए हैं। इन ब्लॉक में अब शिक्षक विहीन स्कूल महज 8 से 10 ही बचे हैं। वह भी ऐसे जिनको छात्रों की दर्ज संख्या पिछले कई सालों से नाम मात्र की होने के चलते बंद करने के लिए शासन को पत्र पहले ही भेजे जा चुके हैं। लिहाजा इनमें शिक्षक नहीं भेजे गए।

101 को बुलाया था, 10 शिक्षक नहीं आए
सभी का आना अनिवार्य
अतिशेष का खेल आखिर कब तक चलेगा?
जिला शिक्षा अधिकारी आरएन शुक्ला ने बताया कि रविवार को सागर ब्लॉक के अतिशेष शिक्षकों की काउंसिलिंग एमएलबी स्कूल क्रमांक- 1 के पास स्थित जेडी ऑफिस में सुबह 11 बजे से होगी। काउंसिलिंग में सभी का आना अनिवार्य है। जो मौजूद रहेंगे, उन्हें रिक्तता के आधार पर मनचाही स्कूल आवंटित कर दी जाएगी।
पहले संकुल, बाद में सकुल से लगा संकुल, इसके बाद नजदीकी दूसरा ब्लॉक या अन्य किसी भी ब्लॉक की स्कूल आवंटित की जाएगी। जो अनुपस्थित रहेंगे, उन्हें भी हम अपने स्तर पर मौके पर ही कोई भी स्कूल आवंटित कर देंगे। हम पूर्णत: वचनबद्ध हैं कि एक भी अतिशेष शिक्षक नगर की किसी भी स्कूल में नहीं बचेगा। सभी को उन्हें आवंटित दूसरी स्कूल में अविलंब ज्वाइनिंग करना भी अनिवार्य है। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।

(सागर. अतिशेष शिक्षकों की काउंसिलिंग के दौरान अपना नाम पुकारने के इंतजार में बाहर खड़े शिक्षक।)