- Hindi News
- आटा चक्की, स्कूटी, टीवी, ग्राइंडर भी कुर्क
आटा चक्की, स्कूटी, टीवी, ग्राइंडर भी कुर्क
सागर. मप्रपूर्व क्षेत्र बिजली कंपनी ने शुक्रवार को डिफाल्टरों पर कुर्की की कार्रवाई के दौरान आटा चक्की, ग्राइंडर, स्कूटी, टीवी सहित करीब 14 मोटर पंप जब्त कर ली है। इसके अलावा 8 ट्रांसफॉर्मर भी उखाड़े गए हैं। जानकारी अनुसार बिजली कंपनी की वसूली टीमों ने शुक्रवार को सागर ग्रामीण में चंद्रा राय एवं बाला महंत के यहां से सिंचाई पंप कुर्क किए हैं। मालथौन के बकेलकला गांव में राजकुमार राय की फ्लोर मिल, खुरई के विकास चौधरी की स्कूटी वाहन, कुंदनलाल गुप्ता की टीबी, बहेरिया में मुक्ता बाई के यहां से कैटल फीड ग्राइंडर कुर्की की कार्रवाई के दौरान जब्त किया है। इसके अलावा जिले के रामसागर, सिरचोपी, खुरई शहर, ग्रामीण, रुपउ, कुरुआ, जामरा, किल्लई, साजी, बम्हौरी डूडर गांवों से करीब एक दर्जन लोगों के यहां से सिंचाई की मोटर डीजल पंप कुर्क कर लिए हैं। जिन पर कार्रवाई की गई हैं उन सभी पर करीब 11 लाख 36 हजार रुपए बिजली बिल बकाया है। 1314 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे : बिजली कंपनी के अधीक्षण अभियंता जीपी सिंह के अनुसार कंपनी के एमडी सीई स्तर से गठित की गई 45 विशेष वसूली टीमों ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए करीब 40 गांवों में 1341 डिफाल्टरों की बिजली सप्लाई काट दी।
इसके अलावा 8 गांवों के ट्रांसफॉर्मर भी उखाड़ लिए तथा इतने ट्रांसफॉर्मरों की बिजली सप्लाई काटी गई है। जहां पर यह कार्रवाई की गई है उस क्षेत्र में बिजली कंपनी का करीब 50 लाख 57 हजार रुपए बिल बकाया है। इसमें कई डिफाल्टर उपभोक्ताओं पर दो से तीन साल पुराना बकाया है। दूसरी ओर जिले में शुक्रवार को डायरेक्ट बिजली चोरी करते पाए जाने पर 45 लोगों पर प्रकरण दर्ज किए गए हैं।