पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • जुआ खेलने से रोकने पर किराना व्यापारी की हत्या

जुआ खेलने से रोकने पर किराना व्यापारी की हत्या

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(दुकान की दीवार पर पड़े खून के छीटे और शव के सामने सहमे खड़े चंद्र राम के दोनों बेटे। बच्चों को ढाढ़स बंधाने आस-पड़ोस का कोई नहीं आया।)
सागर । राजघाट रोड स्थित किशोर न्यायालय के नजदीक एक किराना व्यापारी की नृशंस हत्या कर दी गई। बुधवार रात करीब 10 बजे जुआ खेलने से मना करने पर आरोपी दो भाइयों ने व्यापारी को उसी दुकान पर जाकर कुल्हाड़ी सब्बल से गर्दन पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी मौके से भाग निकले। खून से लथपथ शव दुकान की दहलीज पर पड़ा हुआ था। दुकान की दीवारें तक खून से सन गईं थी। सीएसपी गौतम सोलंकी सिविल लाइंस थाना प्रभारी एमके जगेत मौके पर पहुंचे। रात 12.30 बजे शव पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया था।

पुलिस के अनुसार 40 वर्षीय चंद्र राम पिता तांती अहिरवार किशोर न्यायालय के आगे टपरियों के पास रहता है। घर के एक हिस्से में उसकी किराने की दुकान है। पड़ोस में ही रहने वाले आरोपी अजय उर्फ अज्जू उसका भाई रामजी अहिरवार चबूतरे पर बैठे हुए थे। वे यहां अक्सर जुआ खेलते थे। पर बुधवार रात चंद्र राम ने दोनों भाइयों को जुआ खेलने से रोका था। इसी बात पर दोनों कुल्हाड़ी सब्बल लेकर चंद्र राम की दुकान पहुंचे और पीछे से उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी मार दी। हमले में वह दुकान के अंदर गिर गया। दूसरे भाई ने सिर में सब्बल से प्रहार किया। बाजू में सो रहे बच्चे पत्नी बाहर आई, तब तक चंद्र राम का काफी खून बह चुका था। वह छटपटाता रहा। आरोपी खेत से होकर भाग निकले। आरोपियों के घर पर उनके बच्चे मौजूद थे।

भास्कर ऑन द स्पॉट :
सागर | रात के 11.30 बज रहे हैं। किराना व्यापारी चंद्र राम अहिरवार का खून से सना हुआ शव दुकान के अंदर पड़ा हुआ है। वृद्ध मां दरवाजे के बाहर बैठी रो रही हैं। बाजू वाले एक कमरे पत्नी बच्चों का रोना सुनाई दे रहा है। बाहर पुलिस पंचनामे की कार्रवाई कर रही है। परिवार में बस इतने ही सदस्य हैं। बस एक पड़ोसी ही जानकारी देने आगे आया। बिलखते हुए पत्नी बच्चे बाहर आए। पुत्री रचना रोते हुए बोली पापा को अज्जू राम ने मारा है। वे चबूतरे पर जुआ खेलते थे, जिससे पापा ने उन्हें रोका था। अब हमारी फीस कौन भरेगा। रचना पास की सरकारी स्कूल में पढ़ रही है। मृतक चंद्र राम के 6 बच्चे हैं। इनमें 4 पुत्र 2 पुत्रियां हैं। सबसे बड़ा पुत्र जगदीश 13-14 साल का है।

कोई बचाने नहीं आया : एसआईजगेत ने बताया कि जिस वक्त यह वारदात हुई आसपास कई और लोग मौजूद थे, लेकिन कोई चंद्र राम को बचाने नहीं दौड़ा। आरोपी उन्हीं के सामनेे वारदात कर भाग निकले। आरोपी का पिता किशोरी भी उस वक्त वहां मौजूद था। आरोपियों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी की जा रही है।

24अगस्त को शुरू की थी दुकान : पड़ोसी के अनुसार चंद्र राम राजस्थान में एक केबल प्लांट में काम करता था। वह पिछले महीने ही सागर आया था। 24 अगस्त को उसने घर में ही किराना दुकान खोली थी। दुकान के शुभारंभ पर कन्या भोज कराया था। वह काफी सहज और मिलनसार थे।

बेटी बोली अब कौन भरेगा हमारी फीस ।
तिली में रात 10 बजे हत्या ।

दो भाइयों ने दुकान में बच्चों के सामने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया ।

कई लोगों के सामने वारदात करने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए ।
घर पर निढाल किराना व्यापारी का परिवार ।