- Hindi News
- विस्थापित जगह पर चबूतरा टीनशेड एवं रोड का निर्माण कराएं
विस्थापित जगह पर चबूतरा टीनशेड एवं रोड का निर्माण कराएं
सागर | कटराबाजार से पुरानी गल्ला मंडी के पास मंडी की जगह में विस्थापित किए गए हाथ ठेला फल व्यवसायियों ने विस्थापित जगह पर सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की है। इस सिलसिले में बुधवार को विस्थापित किए गए सभी 50 व्यापारियों की बैठक हुई। फुटकर फल विक्रेता संघ का कहना है कि पिछले 8 माह से उनका रोजगार ठप पड़ गया है। अध्यक्ष विजय कुमार खटीक ने बताया कि हम सभी मुख्यमंत्री से लेकर प्रभारी मंत्री, क्षेत्रीय मंत्री, विधायक, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, निगम आयुक्त को आवेदन दे चुके हैं, लेकिन हमारी सुध लेने वाला कोई नहीं है। सभी से हमने एक ही मांग की है कि जहां हमें विस्थापित किया गया है, वहां बैठने योग्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएं, जिससे हमारा व्यापार चल सके। पुरानी गल्ला मंडी स्थित मंडी बोर्ड की जो जगह तय की गई है, उस पर चबूतरा, टीन शेड, एवं रोड का निर्माण कराएं। नवरात्र का त्योहार नजदीक है। लिहाजा सभी सुविधाएं जल्दी ही उपलब्ध कराई जाएं। अथवा निगम फुटकर फल विक्रेता संघ को निर्माण का नक्शा, एस्टीमेट बताए, जिससे हम अपनी लागत से निर्माण करा सकें।