यूरिया को लेकर कांग्रेस 12 को धरना देगी
सागर. जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तब मुख्यमंत्री सहित सभी भाजपाई केंद्र की आेर से खाद नहीं मिलने की बात कहकर जनता को गुमराह करते थे। अब केंद्र राज्य में भाजपा की सरकारें हैं लेकिन किसान यूरिया के लिए परेशान हो रहे हैं। यह बात जिला कांग्रेस अध्यक्ष हीरासिंह राजपूत एवं शहर अध्यक्ष रेखा चौधरी ने संयुक्त रूप से कही। उन्होंने बताया कि यूरिया की कालाबाजारी और किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस की ओर से 12 दिसंबर को धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। धरना प्रदर्शन पीली कोठी के बाजू वाले मैदान में किया जाएगा जिसमें बड़ी संख्या में किसान भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यूरिया खुले बाजार में दोगुनी कीमत पर उपलब्ध है यूरिया की कालाबाजारी की जा रही है।