- Hindi News
- कलेक्टर से बोले छात्र कॉपियां दोबारा जंचवाएं
कलेक्टर से बोले छात्र-कॉपियां दोबारा जंचवाएं
सागर | आमजनोंकी शिकायतों और समस्याओं के तत्काल निराकरण की प्रक्रिया मंगलवार से फिर शुरू हुई। इसके तहत जिला मुख्यालय पर कलेक्टर अशोक कुमार सिंह ने 40 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। सानोधा के कैलाश, हरिदास ने आवेदन देकर बताया कि ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 19 और 20 के 10 फीट चौड़े सार्वजनिक रास्ते पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण करने से रास्ता बंद हो गया है। सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटवाने की मांग की गई है। इस मांग के सिलसिले में तहसीलदार को कार्यवाही करने के लिए कहा गया है।
देवरी के शासकीय नेहरू कॉलेज के बीए पांचवंे सेमेस्टर के छात्र अमर जोशी ने बताया 243 विद्यार्थी उनके साथ राजनीति विज्ञान की परीक्षा में शामिल हुए थे। इसमें से सिर्फ 43 छात्र ही उत्तीर्ण हुए। 200 विद्यार्थी फेल किए गए हैं। छात्रों द्वारा राजनीति विज्ञान के पेपर की दोबारा जांच कराने की मांग पर अपर संचालक उच्च शिक्षा से कहा गया है कि वे कार्रवाई करें।
ज्ञान सागर इंजीनियर कॉलेज के अजय कुमार और अनुज सूर्यवंशी ने बताया कि उन्हें सत्र 2013-14 में 8 माह पहले छात्रवृत्ति स्वीकृत की गई थी। राशि अब तक नहीं मिली। इसे लेकर कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण को परीक्षण करने के बाद कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सागर . कलेक्टोरेट में जनसुनवाई के दौरान अपनी समस्या बताने के लिए लाइन में लगे लोग।