सागर | श्रीराम अखाड़ा के तत्वावधान में मंगलवार को झांसी रोड स्थित रानीपुरा गांव में विराट दंगल का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में कुल 32 कुश्तियां हुईं। इनमें से 7 मुकाबले बराबरी पर छूटे। सबसे बड़े मुकाबले में बनारस के पहलवान गुलाब सिंह ने शाहगढ़ के पहलवान विक्रम को पटखनी दी। बनारस के गुलाब पहलवान ने शाहगढ़ के विक्रम को हराकर 1500 रुपए नकद, हीरालाल अखाड़ा के पहलवान राहुल ने शाहगढ़ के राजाराम को हराकर 3500 रुपए नकद एवं शील्ड प्राप्त की।
प्रतियोगिता में सागर के अलावा दमोह, शाहगढ़, बांदरी, बनारस के पहलवानों ने शिरकत की। प्रमुख कुश्तियों में गनेश पहलवान दमोह ने शाहगढ़ के मुन्ना राजा को हराया। बांदरी के विशाल ने शाहगढ़ के परभान, दमोह के दीपक ने शाहगढ़ के भैया राजा को हराया। हीरालाल अखाड़ा के पहलवान राहुल ने शाहगढ़ के राजाराम को हराया। कन्हैया पहलवान ने शाहगढ़ के नरेंद्र, श्रीराम अखाड़ा के पहलवान प्रमोद ने शाहगढ़ के राजाराम, दमोह के जितेंद्र ने शाहगढ़ के देवीसिंह को हराया।
निर्णायक मंडल में लल्लू पहलवान, नारायण पहलवान, मनोहर पहलवान, छुटकुल पहलवान रहे। संचालन रमेश ताम्रकार आभार दुलारे उस्ताद ने माना।
प्रतियोगिता में करीब 32 मुकाबले हुए।
बनारस के पहलवान गुलाब सिंह ने शाहगढ़ के विक्रम को हराकर जीती सबसे बड़ी कुश्ती
(सागर . गढ़ पहरा के नजदीकी गांव रानीपुरा में विराट दंगल के दौरान एक दूसरे को पटखनी देने का प्रयास करते पहलवान।)