सागर। प्राइमरी स्कूल टेकापार में छात्राओं से अापत्तिजनक हरकतें करने वाले शिक्षक रमेश कुमार पटेल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन दिया। हरिजन थाने में भी जाकर ज्ञापन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक खुलेआम घूम रहा है। बिलहरा चौकी में 3 दिसंबर को एफआईआर करने के बाद भी उसे गिरफ्तार करने में पुलिस आनाकानी कर रही है। इससे सभी में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी शिक्षक खुले आम सबको धमकी दे रहा है कि कोई मेरा कुछ नहीं कर पाएगा। अत: तुरंत ही उसकी गिरफ्तारी होना चाहिए।
ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी शिक्षक 15-16 साल से गांव की इसी स्कूल में पदस्थ है। वह नजदीक के ही गांव बिलहरा का रहने वाला है। ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी छात्राओं को स्कूल खुलने के पहले घर पर बुलाता था। उनके साथ अापत्तिजनक हरकतें करता था। छात्राओं को धमकी देता कि यदि घर पर या किसी को भी बताया तो जान से मार दूंगा। ऐसा वह लंबे समय से करता रहा है।
आखिरकार रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर एक लड़की ने अपनी मां से स्कूल नहीं जाने की बात कही। मां ने जब बार-बार पूछा तो उसने सबकुछ बयां कर दिया। धीरे-धीरे कई अन्य छात्राओं ने भी अपने-अपने अभिभावकों को शिक्षक की हरकतें बता दीं। इसके बाद ग्रामीणों ने बिलहरा पुलिस चौकी में एफआईआर भी कराई। लेकिन पुलिस ने इसमें कोई खास कार्रवाई अब तक नहीं की है। गांव के अर्जुन अहिरवार ने बताया कि पिछले साल भी शिक्षक ने एक लड़की के साथ ऐसी हरकत की थी, लेकिन स्कूल के ही दूसरे शिक्षक ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था।
ज्ञापन देने वालों में भगवानदास आदिवासी , खिलान आदिवासी, मोहन अहिरवार, अर्जुन, प्रीत रानी, कृष्णा अहिरवार, रामसींग रजक शामिल हैं। इस मामले में डीईओ आरएन शुक्ला ने बताया कि संपूर्ण दस्तावेज मिलने के बाद तत्काल प्रभाव से शिक्षक रमेश कुमार पटेल को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक सचिन अतुलकर ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ मामला पूर्व में ही दर्ज हो गया था। जल्द कार्रवाई भी का जा रही है।
- टेकापार स्कूल के शिक्षक की शिकायत लेकर एसपी और हरिजन थाने पहुंचे ग्रामीण, डीईओ ने आरोपी शिक्षक को किया निलंबित।
(सागर : शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हरिजन थाने पहुंचे।)