कब्र के बाहर पड़ा मिला महिला का शव
सानौधाके मझला गांव में गुरुवार सुबह उस समय लोग हैरान रह गए, जब एक महिला का शव कब्र के बाहर पड़ा दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को यथावत उसी जगह दफनाया। पुलिस चौकी प्रभारी के मुताबिक गांव में रहने वाली खातून बी का निधन 10 दिसंबर को हुआ था। इसके बाद उन्हें कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया गया था। गुरुवार सुबह कुछ लोगों ने शव को कब्र के बाहर पड़ा देखा। यह बात गांव में आग की तरह फैल गई और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। खातून बी के दामाद शकूर खान ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को दोबारा दफना दिया। 80 वर्षीय खातून बी के पति अजीम का पहले ही निधन हो चुका है। उनकी पांच बेटियां हैं। वह दामाद के साथ गांव में ही रहती थीं। बीमारी के चलते उनकी मौत हो गई थी।
सानौधा के मझला गांव की घटना