अफसर की गाड़ी ने बच्ची को कुचला
शाहगढ़से महज 6 किमी दूर छतरपुर जिले के मढ़देवरा गांव में स्कूल जा रही बच्ची को सरकारी वाहन से सागर जा रहे छतरपुर के भू-अभिलेख अधीक्षक की गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसा होते ही आक्रोशित जनता जैसे ही वाहन के पास पहुंची तो अफसर ने ड्राइवर से तेजी से चलने को कहा और गाड़ी शाहगढ़ थाने गई।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह मढ़देवरा गांव में कक्षा तीसरी की आठ वर्षीय छात्रा मोहिनी पिता मुकेश सेन स्कूल जाने के लिए निकली थी। इसी बीच सड़क पार करते समय सामने से रही जीप क्रमांक एमपी-02-एवी-2524 ने उसे टक्कर मार दी। नीली बत्ती वाली इस जीप में छतरपुर के भू अभिलेख एसएलआर अधीक्षक आदित्य सोनकिया बैठे थे। प्रत्यक्षदर्शी लल्लूराम यादव ने बताया कि बच्ची के साथ हुए हादसे में पूरी जिम्मेदारी वाहन चालक की है क्योंकि चालक वाहन को लापरवारी एवं तेज गति से चला रहा था। स्कूल संबंधी सूचना पटल भी लगा होने के बाद भी वाहन की तेज गति थी। पुलिस ने घटनास्थल थाना बकस्वाहा के अंतर्गत सीमा होने के कारण मामला वहीं कायम कराने की बात कही। घायल बालिका को शाहगढ़ अस्पताल से छतरपुर जिला अस्प्ताल रैफर किया गया है।