सागर। सहायक अध्यापक से अध्यापक पद के लिए हुई पदोन्नति प्रक्रिया में 145 शिक्षकों ने प्रमोशन ले लिया। प्रमोशन के लिए योग्य कुल 153 सहायक अध्यापकों को बुलाया गया था। इनमें से 148 उपस्थित हुए। 145 ने प्रमोशन ले लिया। इसका सबसे बड़ा फायदा छात्रों के नजरिए से यह रहा कि शिक्षक विहीन 20 मिडिल स्कूल एवं 5 हाई स्कूल में भी अब शिक्षक पहुंच गए हैं। छात्रों की पढ़ाई में इसका अब सीधा फायदा पहुंचेगा। जिला पंचायत सभाकक्ष में सुबह 11 बजे से शुरू हुई पदोन्नति प्रक्रिया रात करीब 9 बजे तक चली।
देर रात तक पदोन्नति लेने वाले शिक्षक एवं शिक्षा विभाग का अमला मौके पर डटा रहा। विभाग से जुड़े लोगों का ही कहना है कि यह पहली बार हो रहा है, जब शिक्षा विभाग इस तरह से किसी कार्य काे प्राथमिकता के आधार पर करने में लगा हो।
पदोन्नत शिक्षकों की सूची एक-दो दिन में जारी कर दी जाएगी। इससे पहले मंगलवार को हुई सहायक शिक्षक से शिक्षक के पद की पदोन्नत प्रक्रिया में 98 में से सिर्फ 38 ने ही प्रमोशन लिया था। इनकी सूची आज जारी हो जाएगी। सहायक से शिक्षक से शिक्षक के पद पर प्रमोशन लेने में शिक्षकों ने जहां रुचि नहीं दिखाई, वहीं सहायक अध्यापक से अध्यापक पद के लिए उपस्थित हुए शिक्षकों में से 2 को छोड़कर सभी ने प्रमोशन ले लिया।
दो दिन में 183 प्रमोशन, अतिशेष भी कम हुए : दो दिन में सहायक शिक्षक से शिक्षक एवं सहायक अध्यापक से अध्यापक पद पर पदोन्नति की प्रक्रिया हुई। इसमें शिक्षक के पद पर 38 तो अध्यापक के पद पर 145 ने प्रमोशन लिया। इस तरह दो दिन में कुल 183 शिक्षकों ने प्रमोशन लिया है।
इनमें से कई ऐसे हैं जो अतिशेष की सूची में थे। साथ ही ऐसे शिक्षक भी अतिशेष की सूची में आने से अब बच जाएंगे, जिनका नाम तो अतिशेष की सूची में था, लेकिन उनके यहां से शिक्षक ने प्रमोशन ले लिया। हालांकि ऐसा हर स्कूल में नहीं होगा, पर कई शिक्षक अतिशेष नहीं रहेंगे। ऐसे में अतिशेष का आंकड़ा भी अब कुछ कम हो जाएगा। जिला शिक्षा अधिकार आरएन शुक्ला के मुताबिक हम संशोधित सूची तैयार कर रहे हैं।
सबसे बड़ा काम आज से : अतिशेष शिक्षकों को शिक्षक विहीन एवं जरूरतमंद स्कूलों में भेजने का बड़ा काम आज से शुरू होगा। एमएलबी स्कूल क्रमांक-1 में सुबह 11 बजे से काउंसिलिंग होगी। देर से ही सही पर भास्कर की मुहिम के चलते यह काम जिले में गुरुवार से शुरू होने ही वाला है। इसको चरण बनाकर किया जा रहा है। पहले चरण में 3 ब्लॉक काे शामिल किया गया है। रहली, देवरी एवं केसली ब्लॉक के सभी संवर्ग के अतिशेष शिक्षकों की काउंसिलिंग प्रक्रिया गुरुवार को होगी।
शेष ब्लॉक की काउंसिलिंग 12 दिसंबर को होगी। सहायक शिक्षक से शिक्षक एवं सहायक अध्यापक से अध्यापक पद पर पदोन्नति के बाद अतिशेष की सूची सुधारी जा रही है। डीईओ के मुताबिक नई सूची बन गई है। संख्या अधिक होने के कारण हम अलग-अलग ब्लॉक से बुला रहे हैं। रहली, केसली और देवरी को पहले बुलाया गया है।
शेष की जानकारी गुरुवार को दी जाएगी। जिले भर के मिडिल स्कूल के हेडमास्टर के लिए भी बुधवार को ही सुबह 11 बजे से एमएलबी स्कूल क्रमांक- 1 में काउंसिलिंग होगी। जिनके नाम इसमें हैं, उन्हें सूचना भेजी जा चुकी है।
(सागर: जिला पंचायत के सभाकक्ष में चल रही सहायक अध्यापक से अध्यापक पद की पदोन्नति के दौरान डीईअो आरएन शुक्ला, संयुक्त संचालक शिक्षा डॉ. धीरेंद्र मिश्रा एवं अन्य शिक्षक।)