- Hindi News
- बकरी और भेड़ें चोरी करने के आरोपियों को 10 10 साल की सजा सुनाई गई
बकरी और भेड़ें चोरी करने के आरोपियों को 10-10 साल की सजा सुनाई गई
बंडाएडीजे योगेश कुमार गुप्ता ने बकरी और भेड़ें चोरी करने के दो आरोपियों को 10-10 साल की सजा सुनाई। लोक अभियोजक राम अवतार तिवारी ने बताया कि 19 नवंबर 2012 को शाहगढ़ थानांतर्गत तिगौड़ा निवासी नन्नापाल 8 बकरी, 26 भेड़ तथा भेड़ों के 8 बच्चों को चराने के लिए चीराहार के जंगल गया था। दोपहर में वापस अपने गांव लौट रहा था, तभी रास्ते में दो व्यक्ति हाथ में कुल्हाड़ी और लाठी से लैस होकर मिले। उन्होंने नन्ना से पूछा कि कहां जा रहे हो। वह थोड़ा आगे बढ़ा ही था कि तीन और व्यक्ति झाड़ियों में छिपे थे। इन्होंने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए और बकरी भेड़ेंं ले भागे। नन्ना ने गांव पहुंचकर गोविंद प्रजापति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद शाहगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ट्रक को पकड़कर बकरी और भेड़े बरामद की। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इन्हीं आरोपियों ने नन्नापाल की बकरी और भेड़े चोरी की थी। न्यायालय ने आरोपी पन्ना जिले के धर्म और महोबा यूपी के दमक को 10-10 साल की सजा सुनाई। साथ ही 10-10 हजार रुपए के जुर्माने से दंडित किया है। बाकी तीन आरोपियों को बरी कर दिया गया।