सागर। टाइपिंग एवं शाॅर्टहैंड परीक्षा में गड़बड़ी सामने आने के बाद एसटीएफ जांच कर रही है। इस मामले में सागर के 43 शिक्षकों से पूछताछ की जा चुकी है। बाकी 34 शिक्षकों से पूछताछ होना बाकी हैं। परीक्षा अप्रैल 2013 में सागर सहित पूरे प्रदेश में आयोजित की गई थी। एसटीएफ अब उन स्कूलों के शिक्षकों से पूछताछ कर रही है, जो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन स्कूलों के प्राचार्यों को नोटिस जारी कर शिक्षकों को पूछताछ के लिए भोपाल बुला रही है। सागर के एमएलबी स्कूल के 18 तथा लाल स्कूल के 25 शिक्षकों से पूछताछ हो चुकी है।
11 और 12 दिसंबर को रविशंकर स्कूल के 34 शिक्षकों से पूछताछ की जाएगी। लाल स्कूल की प्राचार्य श्रीमती पुष्पा नायक ने बताया कि स्कूल के शिक्षकों को 5 6 दिसंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। परीक्षा लोक शिक्षण संचालनालय ने आयोजित कराई थी।
मप्र टाइपिंग संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रभुदयाल पटेल के मुताबिक टाइपिंग परीक्षा में कई परीक्षार्थियों की काॅपियां कोरी पाए जाने के बाद पास हो गए। इसके अलावा कुछ और गड़बडिय़ां पाई गई हैं। इसमें पर्यवेक्षकों की भूमिका को भी संदिग्ध माना गया है। परीक्षा में शिक्षकों को पर्यवेक्षक बनाया गया था। अन्य शिक्षकों की डयूटी लगाई गई थी। परीक्षा में सागर जिले के लगभग 8 हजार परीक्षार्थी सम्मिलित हुए थे।