- Hindi News
- सीबीआई के तीसरी बार बुलाने पर भी नहीं पहुंचे प्रो. गजभिए
सीबीआई के तीसरी बार बुलाने पर भी नहीं पहुंचे प्रो. गजभिए
विश्वविद्यालय नियुक्ति घोटाला : आईआईटी कानपुर में छुट्टी पर होने के कारण नहीं मिल सका नोटिस, जल्दी ही फिर भेजा जाएगा बुलावा
सागर| डॉ.हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय में हुए शिक्षक नियुक्ति घोटाले में सीबीआई द्वारा मुख्य आरोपी बनाए गए पूर्व कुलपति प्रो. एनएस गजभिए सोमवार को भी सीबीआई के समक्ष पेश नहीं हुए। यह तीसरा मौका है, जब वह सीबीआई के बुलावे पर हाजिर नहीं हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई को आईआईटी कानपुर से जानकारी मिली है कि प्रो. गजभिए छुट्टी पर हैं। इस कारण उन्हें नोटिस नहीं मिला है। सीबीआई इसे पूर्व कुलपति का नया बहाना मान रही है। उनका कहना है कि पहले बीमारी अब, छुट्टी की बात कह कर वह आने से बच रहे हैं। सीबीआई का कहना है कि सामान्यत: एक, दो मौकों पर नहीं आने की स्थिति में अगली बार नोटिस भेजा जाता है। पूर्व कुलपति के खिलाफ कई प्रकरण दर्ज हैं। उन्हें अलग-अलग मामलों में बुलाया जाता है। जल्दी ही एक और नया नोटिस भेजा जाएगा। सीबीआई इस बात पर भी विचार कर रही है कि इस बार पूर्व कुलपति नहीं आते हैं, तो वहीं जाकर वस्तुस्थिति का परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद कोई बड़ा निर्णय सीबीआई ले सकती है।