- Hindi News
- दो ब्लॉकों में नाइट ब्लड सर्वे, 4 सौ लोगों की स्लाइड बनाईं
दो ब्लॉकों में नाइट ब्लड सर्वे, 4 सौ लोगों की स्लाइड बनाईं
इंडियनकौंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च सेंटर जबलपुर के वैज्ञानिक सहित आधा दर्जन अधिकारियों की टीम ने 4 दिन तक जिले के ब्लॉकों में रुककर नाइट ब्लड सर्वे किया और सैकड़ों स्लाइड बनाईं। आईसीएमआर की टीम ने यह सर्वे जिले में माइक्रो फाइलेरिया की वास्तविक स्थिति जानने के लिए किया।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद जबलपुर के साइंटिस्ट डॉ. ज्ञानचंद के नेतृत्व में करीब सात डॉक्टरों की टीम 4 दिन पहले देवरी तहसील के गौरझामर में पहुंची थी। यहां पर अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्र में रात रुककर फाइलेरिया (हाथी-पांव) की वास्तविक स्थिति जानने के लिए नाइट ब्लड सर्वे किया। इसी तरह मालथौन ब्लॉक में भी टीम ने वैसा ही सर्वे किया है। अधिकारियों के मुताबिक टीम ने 4 दिनों में करीब 400 लोगों के ब्लड सैंपल लेकर स्लाइड बनाईं है। यह सैंपल टीम अपने साथ जबलपुर लेकर गई है।
जिलेके 60 मरीजों की सूची ले गई टीम
आईसीएमआरके वैज्ञानिक डॉ. ज्ञानचंद ने स्वास्थ्य विभाग से जिले में मौजूद फाइलेरिया के पुराने मरीजों की जानकारी भी बुलाई थी। विभाग की ओर से करीब 60 मरीजों की सूची अधिकारियों को सौंपी गई है। सूत्रों के अनुसार आईसीएमआर द्वारा जिले में यह सर्वे फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की वास्तविक स्थिति को जानने के लिए किया जा रहा है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एनके सैनी ने बताया कि आईसीएमआर की टीम ने पिछले दिनों सर्वे किया था। वे लोग सीधे क्षेत्र में पहुंचकर सर्वे करते हैं। हमें कोई सूचना नहीं देते। जिले में फाइलेरिया के करीब 60 मरीज हैं। इनकी जानकारी टीम को सौंप दी है। सर्वे की रिपोर्ट सीधे डायरेक्टर स्तर पर सौंपते हैं।