- Hindi News
- मां ने एसपी से की बेटे को बेवजह थाने में बंद रखने की शिकायत
मां ने एसपी से की बेटे को बेवजह थाने में बंद रखने की शिकायत
सुरखीपुलिस थाने के बिलहरा गांव की रहने वाली श्रीमती भागवती पटेल ने 12वीं पढ़ रहे अपने बेटे राहुल को अकारण तीन दिन तक थाने में बंद रखे जाने की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की है। इस मामले को लेकर सुरखी थाना प्रभारी का कहना है राहुल को बंद नहीं किया सिर्फ पूछताछ के लिए बिलहरा चौकी के पुलिसकर्मियों थाने में बुलवाया था। कारण यह है कि पुलिस को एक आपराधिक मामले में राहुल के पिता रमेश पटेल की तलाश है। रमेश पटेल टेकापार प्राइमरी स्कूल में शिक्षक है।
पुलिस अधीक्षक को सौंपे आवेदन में श्रीमती भागवती ने बताया है कि पुलिस मंगलवार को राहुल को घर से पकड़कर ले गई और सुरखी थाने में बंद कर दिया। राहुल के पिता रमेश पटेल पर भी बिलहरा के सैनी परिवार के तीन लोगों नवीन, प्रवीण और राकेश ने चार माह पुरानी रंजिश के कारण झूठा मामला बनवा दिया है। उन्होंने प्राइमरी स्कूल की बच्चियों से अभद्रता नहीं की। वे उस स्कूल में पिछले 20 साल से कार्यरत हैं। इन वर्षों के दौरान ऐसा कोई काम नहीं किया। जिससे शिक्षक पद की गरिमा को ठेस पहुंची हो। मेरे बेटे राहुल को थाने में बंद करवाने के पीछे सैनी परिवार का हाथ है। क्योंकि उस परिवार ने इससे कुछ दिन पहले अपने नौकरों की मदद से मेरे बड़े बेटे दीपक पटेल को खेत पर जबरदस्ती कीटनाशक पिला दी थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पुलिस ने उसके बयान भी नहीं लिए। अस्पताल के डॉक्टर महेंद्र पाल ने दूसरे दिन दीपक को रैफर कर दिया तो उसे इलाज के लिए राहतगढ़ बस स्टैंड स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था।