सागर | शहर विधायक शैलेंद्र जैन ने निजी बिजली कंपनी एस्सेल की गड़बडिय़ों का मामला विधानसभा में उठाया। उन्होंने सदन में कहा कि एस्सेल कंपनी इकतरफा कार्रवाई कर रही है। उसका रवैया तानाशाही-पूर्ण है। जैन ने कहा कि शासन का उद्देश्य जनता को अच्छी सुविधाएं देने के लिए सरकारी निकायों को निजी हाथों में सौंपने का है। लेकिन सागर में जब से एस्सेल कंपनी ने कामकाज संभाला है जनता में असंतोष बढ़ता जा रहा है। कंपनी की कार्यप्रणाली संदिग्ध है।
कंपनी के कामकाज की समीक्षा होनी चाहिए।
जैन ने मांग की कि जनता के असंतोष को कम करने के लिए अलग से शिकायत निवारण बोर्ड बनाया जाना चाहिए। इस माॅनीटरिंग सेल में निर्वाचित प्रतिनिधि, विद्युत मंडल के पूर्व अधिकारी आदि को सदस्य बनाया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो बोर्ड काम कर रहा है उसमें इसी कंपनी के कर्मचारी हैं। विधानसभा उपाध्यक्ष ने विधायक को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।