सागर। चाकू लेकर घर में घुसे बदमाशों को भागने पर मजबूर करने वाली श्रीमती मीना जैन को सम्मानित किया जाएगा। मकरोनिया क्षेत्र की पॉश अंकुर कॉलोनी में रहने वाली मीना जैन ने गुरुवार दोपहर लूटपाट के इरादे से घुसे दो युवकों का बहादुरी के साथ मुकाबला किया था। उनके इस साहस की शहरभर में चर्चा रही तारीफ हुई। उनकी सूझबूझ और साहस के लिए जैन महिला परिषद की ओर से रविवार सुबह 9 बजे दिगंबर जैन मंदिर में मीना जैन का सम्मान समारोह का आयोजन होगा। अध्यक्ष श्रीमती सुषमा जैन ने बताया कि कार्यक्रम वर्धमान सागर महाराज के सानिध्य में होगा।
5-6संदिग्धों से पूछताछ : इधर इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को 5-6 संदिग्धों से पूछताछ की। हालांकि अभी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। मामले की जांच कर रहे पद्माकर थाने के सब इंस्पेक्टर रामदास टेकाम ने उम्मीद जताई है कि आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे। बिजली कंपनी में इंजीनियर डीके जैन की पत्नी श्रीमती मीना द्वारा आरोपियों के बताए गए हुलिया के आधार पर पुलिस ने मकरोनिया के कई स्थानों पर सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है। कॉलोनी के लोगों ने भी अपने स्तर पर आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी है। यहां रहने वाले रविंद्र जैन एवं संतोष जैन ने बताया कि कॉलोनी में पहले भी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। कॉलोनी की ममता जैन का कहना है कि मीना जैन ने जिस तरह से आरोपी के मंसूबे नाकाम कर दिए, उसे देखकर हम लोगों को मनोबल बढ़ा है।
यह है मामला : गुरुवार को एक युवक छत से गेंद उठाने के बहाने इंजीनियर डीके जैन के घर में घुसा था। उस समय उनकी पत्नी मीना जैन अकेली थीं। उन्हें अकेला पाकर एक बदमाश ने गर्दन पर चाकू अड़ा लिया था। महिला ने साहस का परिचय देते हुए युवक से चाकू छुड़ा लिया था।
घबराया आरोपी अपने सहयोगी के साथ बाइक से भाग गया था।
- अंकुर कॉलोनी की साहसी महिला ने बदमाशों को भगा दिया था।