सागर । जिला न्यायालय परिसर में शनिवार सुबह 10 बजे नेशनल लोक अदालत शुरू होगी। इसमें जिले भर के 21 लाख प्रकरण निपटाने का टारगेट रखा गया है। लोक अदालत में पक्षकारों के बीच आपसी सुलह से प्रकरण निपटाए जाएंगे। संयोजक एवं विशेष न्यायाधीश भारत भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि शुभारंभ अवसर पर अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश एचपी सिंह, कमिश्नर आरके माथुर, कलेक्टर अशोक कुमार सिंह, एसपी सचिन अतुलकर, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष लखनलाल राठौर होंगे। लोक अदालत में आने वाले पक्षकारों को बसों में यात्रा फ्री रहेगी। पक्षकारों को कंडक्टर को लोक अदालत का नोटिस दिखाना होगा।
जिला बस यूनियन के अध्यक्ष संतोष पांडे ने बताया कि पक्षकारों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की गई है। पक्षकारों को कोर्ट परिसर में ही भोजन के पैकेट वितरित होंगे।
बिजली कंपनी रखेगी 15 हजार से ज्यादा केस : बिजली कंपनियों के करीब 15 हजार से अधिक मामले रखे जाएंगे। इन सभी मामलों में कंपनियों को करीब 12 करोड़ रुपए की वसूली करना है। मप्र पूर्व क्षेत्र बिजली कंपनी कुल 9 हजार 443 प्रकरण रखेगी। इसमें बिजली चोरी से जुड़े 4 हजार 81 मामले पहले से ही कोर्ट में विचाराधीन हैं। इनमें 4 करोड़ 24 लाख का जुर्माना लगाया गया था। एस्सेल बिजली कंपनी 5 हजार 40 प्रकरण कोर्ट में रखेगी। इसमें 326 बिजली चोरी तथा 114 प्रकरण प्रीलिटिगेशन के हैं। 46 सौ प्रकरण ऐसे हैं जिनमें स्थाई रूप से कनेक्शन काटे गए हैं।
50हजार बकायादारों को भेजे नोटिस : नगर निगम के राजस्व विभाग ने जल, संपत्तिकर तथा दुकानों का किराया जमा करने वाले करीब 50 हजार बकायादारों को लोक अदालत में समझौते के नोटिस भेजे हैं। राजस्व प्रभारी ब्रजेश तिवारी के अनुसार करों के रूप में बकायादारों से अभी तक 35 लाख की वसूली की गई है। इनमें से ज्यादातर केस लोक अदालत में सुलझने की उम्मीद है।
पक्षकारों को बसों में यात्रा फ्री, कंडक्टर को दिखाना होगा कोर्ट का नोटिस, कोर्ट परिसर में ही मिलेगा खाना।